खगड़िया-पूर्णिया राष्ट्रीय राजमार्ग उन्नयन परियोजना को मंजूरी
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बिहार में राष्ट्रीय राजमार्ग.31 और राष्ट्रीय राजमार्ग.231 के खगड़िया-पूर्णिया खंड (143.529 किमी) के उन्नयन कार्य को बीओटी (टोल) मॉडल पर 3,936.05 करोड़ रुपये की लागत से मंजूरी दे दी है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में इस परियोजना के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई। बैठक के बाद सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि इस परियोजना के तहत खगड़िया से पूर्णिया तक के मार्ग का उन्नयन किया जाएगा जिससे राज्य में सड़क संपर्क बेहतर होगा तथा क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।
श्री वैष्णव ने बताया कि यह खंड उत्तर-पूर्वी बिहार के प्रमुख शहरों और व्यापारिक केंद्रों को बेहतर ढंग से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। परियोजना के पूरा होने से यात्रियों के लिए यात्रा समय में कमी आएगी, माल परिवहन अधिक सुगम होगा तथा सड़क सुरक्षा में भी सुधार होगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना बीओटी (बिल्ड.ऑपरेट.ट्रांसफर) टोल मॉडल पर विकसित की जाएगी, जिससे निजी क्षेत्र की भागीदारी के माध्यम से आधारभूत संरचना विकास को बढ़ावा मिलेगा। परियोजना से रोजगार सृजन के साथ-साथ क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
