कर्नाटक में पकड़ा गया संदिग्ध आतंकी

अयोध्या के राम मंदिर पर हमले की बना रहा था योजना

बेंगलुरु। कर्नाटक के दावणगेरे ज़िले में उत्तर प्रदेश के एक 20 वर्षीय युवक की गिरफ़्तारी के साथ ही अयोध्या के राम मंदिर पर हमले की एक कथित साज़िश को नाकाम कर दिया गया। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर के रहने वाले सुहैल के तौर पर हुई है। उसे हरिहर से गिरफ़्तार किया गया, जहां वह कथित तौर पर पिछले 15 दिनों से एक फ़ैक्ट्री में काम कर रहा था। जांचकर्ताओं का दावा है कि संदिग्ध ने अयोध्या मंदिर को निशाना बनाने की योजनाओं पर चर्चा की थी और उसके मोबाइल फ़ोन से बरामद आपत्तिजनक सामग्री की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, उसके डिवाइस पर हथियार लिए हुए आरोपी की तस्वीरें, पाकिस्तानी फ़ोन नंबरों से जुड़े संपर्क और राम मंदिर पर हमले का ज़िक्र करने वाली कथित ऑडियो क्लिप मिली हैं। अधिकारियों ने बताया कि कुछ रिकॉर्डिंग में मंदिर में धमाका करने के बारे में उर्दू.मिश्रित हिंदी में बातचीत शामिल है।       दावणगेरे के पुलिस अधीक्षक एच.टी. शेखर ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि सुहेल के पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठनों से कथित संबंध थे और वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के ज़रिए संदिग्ध आतंकवादियों के संपर्क में था। पुलिस ने बताया कि यह गिरफ़्तारी इस महीने की शुरुआत में गिरफ़्तार किए गए दो संदिग्ध आतंकी ऑपरेटिव्स (दावणगेरे में जमीर खान और तुमकुरु में अल्लाह बख्श) से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर की गई।
हालांकि, कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियांक खरगे ने कहा कि अब तक सुहेल के मामले को पहले हुई गिरफ्तारियों से जोड़ने वाला कोई सबूत नहीं मिला है और जांचकर्ता सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह मामला तुमकुरु टेरर मॉड्यूल की जांच जैसा ही लग रहा है, लेकिन किसी भी तरह का ऑपरेशनल कनेक्शन साबित करने के लिए और सबूतों की ज़रूरत है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि आरोपी अकेले काम कर रहा था या किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.