बिहार में 36 परियोजनाओं को प्रथम चरण की मंजूरी

पटना। राज्य निवेश प्रोत्साहन बोर्ड (एसआईपीबी) ने बिहार में 1628.60 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश वाली 36 परियोजनाओं को प्रथम चरण की मंजूरी प्रदान की है। विकास आयुक्त.सह.एसआईपीबी अध्यक्ष मिहिर कुमार सिंह ने बुधवार को बताया कि बोर्ड की 68वीं बैठक में राज्य में औद्योगिक विकास को गति देने के उद्देश्य से विभिन्न निवेश प्रस्तावों की समीक्षा की गई। उन्होंने बताया कि 1628.60 करोड़ रुपये के निवेश वाली 36 परियोजनाओं को प्रथम चरण की स्वीकृति दी गई, जबकि 44.89 करोड़ रुपये की सात परियोजनाओं को वित्तीय मंजूरी प्रदान की गई। इन निवेशों से राज्य में औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
बैठक में निवेश स्वीकृति प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही निवेशकों के समक्ष आने वाली व्यावहारिक समस्याओं के समाधान पर भी विस्तार से चर्चा की गई। स्वीकृत प्रमुख प्रस्तावों में अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड की बांका सीमेंट इकाई का प्रस्ताव शामिल है। कंपनी बांका जिले के कटोरिया औद्योगिक क्षेत्र में 630.97 करोड़ रुपये के निवेश से 3.5 मिलियन टन वार्षिक उत्पादन क्षमता वाली सीमेंट निर्माण इकाई स्थापित करेगी।
श्री सिंह ने कहा कि इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से बिहार के औद्योगिक ढांचे को और मजबूती मिलेगी तथा राज्य को निवेश और रोजगार सृजन के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति होगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.