भरत तिवारी पर गोली चलाने वाला जवान गिरफ्तार

पटना। बिहार के भोजपुर में चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर केस में एसटीएफ जवान को गिरफ्तार किया गया है। इस जवान पर भरत पर गोली चलाने का आरोप है। भरत की मां ने आरोप लगाया था कि सरेंडर के बाद भी उसे गोली मारी गई थी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार भरत पर गोली चलाने वाले एसटीएफ जवान को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस जवान पर भरत तिवारी की मां ने सरेंडर के बाद भी गोली चलाने का आरोप लगाया था। हालांकि इस सम्बन्ध में आधिकारिक तौर पर पुलिस का बयान सामने नहीं आया है। हाल ही में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भरत तिवारी के परिजनों को पटना बुलाकर मुलाकात की थी और न्याय मिलने का भरोसा दिया था। इस मुलाकात के बाद ही एसडीपीओ राजेश कुमार शर्मा को वापस पुलिस मुख्यालय भेज दिया गया था।
आरा के एसपी राज ने कहा कि भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में शामिल पुलिसकर्मी को गिरफ़्तार कर लिया गया है। गिरफ़्तार पुलिसकर्मी की पहचान अक्षय के तौर पर हुई है। यह ऑपरेशन आरा पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स एसटीएफ ने मिलकर चलाया था। आगे की कानूनी कार्रवाई चल रही है और जांच जारी है।
आपको बता दें कि बीते 17 जून को बिहार के भोजपुर जिले के बिलौटी गांव के निवासी भरत तिवारी की पुलिस एनकाउंटर में मौत हो गई थी। इस घटना ने पूरे इलाके में विवाद खड़ा कर दिया था। भरत तिवारी के परिवार ने दावा किया था कि पुलिस द्वारा गोली मारे जाने से पहले भरत तिवारी ने सरेंडर कर दिया था और अपना हथियार छोड़ दिया था। मामले में हंगामा मचने के बाद बिहार सरकार ने इस घटना की न्यायिक जांच करवाने की घोषणा की थी। इससे पहले जानकारी सामने आई थी कि भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में कई अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.