भाजपा सांसद लॉकेट ने नाव के जरिए किया प्रचार
कोलकाता। बंगाल के विधानसभा चुनाव में किस पार्टी की सरकार बनेगी यह तो भविष्य के गर्त में है पर इतना तो माना ही जा रहा है कि यहां के प्रत्याशी चुनाव प्रचार में अपना सारा दम ठोक रहे हैं। इस कड़ी में भाजपा सांसद और हुगली जिले की चुंचुड़ा विधानसभा सीट से प्रत्याशी लॉकेट चटर्जी ने सोमवार को नाव के जरिए चुनाव प्रचार किया। हुगली नदी में एक नाव पर सवार होकर लॉकेट ने नदी के किनारे रहने वाले लोगों से अपनी पार्टी के पक्ष में मतदान करने की अपील की तथा लोगों से आर्शिवाद मांगा।
मिली जानकारी के अनुसार भगवा झंडा और जय श्री राम लिखा मास्क पहनकर नाव में प्रचार कर रही लॉकेट चटर्जी ने कहा कि नाव में सवार होना बंगाल की संस्कृति को मजबूत करने का तरीका है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी गंगा नदी के विकास के लिए बहुत कुछ कर रहे हैं, ऐसे में बंगाल में भाजपा की सरकार बनी तो इस अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा। जय श्री राम के नारे पर लॉकेट ने कहा कि जय श्री राम का नारा भाजपा का नहीं बल्कि पूरे देश का नारा है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी को तुष्टीकरण की राजनीति करनी है इसलिए वो जय श्री राम को गाली समझती हैं। दीदी को बंगाल की जनता इस बार जवाब देगी।
लॉकेट ने कहा कि हम सोनार बांग्ला के लिए सबसे ज़्यादा महिलाओं पर ध्यान दे रहे हैं। महिला मुख्यमंत्री होने का बावजूद महिलाओं का उद्धार नहीं हुआ। लॉकेट के साथ समर्थकों में महिलाएं भी शामिल थीं जो प्रचार के लिए बंगाली लोकगीत गा रही थीं। महिलाओं के समूह ने वंदे मातरम के अलावा कई बंगाली लोकगीत गाकर घाटों के आसपास रहने वाले लोगों को आकर्षित किया और अपने पक्ष में मतदान करने की अपील के साथ ही लोगों से आर्शिवाद भी मांगा। विदित हो कि कोलकाता से सटे हुगली जिले में हुगली लोकसभा के अलावा लोकसभा की दो सीटें और लगती हैं। हुगली जिले में विधानसभा की 18 सीटें हैं। ऐसे में भाजपा ने अपना चर्चित चेहरा लॉकेट चटर्जी को चुंचुड़ा से मैदान में उतारकर कोशिश की है कि इसका असर वो बाकी की 17 सीट पर भी डाल सके।
