सभी 18़ + वालों को फ्री में लगेगी कोरोना वैक्सीन : नीतीश
पटना। बिहार में गहराए कोरोना संकट के बीच बुधवार शाम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि बिहार में आगामी एक मई से 18 साल और उससे ज्यादा की उम्र के लोगों को कोविड-19 का टीका मुफ्त लगाया जाएगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ट्वीट कर यह जानकारी दी है।
विदित हो कि बिहार में 45 साल से ऊपर के लोगों को भी मुफ्त में ही कोरोना का टीका लगाया जा रहा है। कोरोना टीकाकरण अभियान के शुरू होने के साथ ही नीतीश कुमार की सरकार ने मुफ्त टीकाकरण का ऐलान किया था। अब जबकि 18 साल से ऊपर के लोगों को टीका लगाने की अनुमति केंद्र सरकार ने दी है तो एक बार फिर नीतीश सरकार ने मुफ्त टीकाकरण का ऐलान कर दिया है।
ज्ञातव्य हो कि बिहार में 18 साल से लेकर 49 साल के लोगों की संख्या 5 करोड़ से ज्यादा है। बिहार में एक मई से लगभग इतने लोग कोरोना के टीके लेने के तैयार हो जाएंगे। बिहार में कोरोना संक्रमण लगातार चरम पर पहुंचता जा रहा है। कोरोना संक्रमण की रफ्तार चौंकाने वाली है। प्रदेश में पिछले चौबीस घंटे में एक दिन में अब तक के सबसे अधिक 12,222 कोरोना संक्रमित पाये गये हैं। 20 अप्रैल की तुलना में 1767 कोविड मरीज अधिक मिले हैं। इस तरह प्रदेश में आज औसतन 16 फीसदी अधिक मरीज मिले हैं।
