हादसा : पटना में पीपा पुल से गंगा में गिरी वैन, 11 डूबे
नौ शवों को बाहर निकाला गया
पटना। पटना में पुरानी पानापुर घाट पर शुक्रवार की सुबह पीपा पुल की रेलिंग तोड़ते हुए एक पिकअप वैन गंगा नदी में गिर गई। हादसे में 11 लोगों के डूबने की बात सामने आयी है। अब तक 9 शवों को बरामद किया जा चुका है। पिकअप वैन पर सवार एक ही परिवार के सभी लोग अकिलपुर से दानापुर के चित्रकूटनगर आ रहे थे। हादसे के दौरान पिकअप वैन की छत पर सवार तीन लोगों ने कूदकर अपनी जान बचा ली। तीनो में सुजीत कुमार सिंह, मनोज सिंह और किताब राय शामिल हैं।
बताया जाता है कि अकिलपुर निवासी राकेश कुमार का 21 अप्रैल को तिलक समारोह था। तिलक खत्म होने के बाद सभी अपने दानापुर स्थित घर आ रहे थे। इसी बीच यह दर्दनाक हादसा हो गया। सुबह के छह बजे हुए इस हादसे के बाद सैकड़ों लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गयी। आनन-फानन में स्थानीय लोग बचाव में जुट गए। वहीं प्रशासन को भी सूचना दी गई । इसके बाद एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नौ लोगों के शव गंगा से निकाले गए हैं। सभी मृतक एक ही परिवार के हैं। यह हादसा दानापुर के समीप बने पीपा पुल पर हुआ। हादसे के करीब दो से ढाई घंटे देर से बचाव दल मौके पर पहुंचा। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने गाड़ी को ढूंढ निकाला। अब गाड़ी को क्रेन के जरिये नदी से बाहर निकाल लिया गया है।
इस घटना की खबर मिलते ही क्षेत्रीय सांसद रामकृपाल यादव और दानापुर के विधायक रीतलाल यादव, पूर्व विधायक आशा सिन्हा, मुखिया सुभाष राय, अपर अनुमंडलाधिकारी हर्ष प्रियदर्शी भी मौके पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि गाड़ी में बच्चे और महिलाएं सहित करीब 10 लोग सवार थे। गंगा की तेज धार में गाड़ी पुल के एक साइड से बहकर दूसरी साइड चली गई थी। इसकी वजह से उसे ढूंढने में काफी देरी हुई। क्रेन के सहारे गाड़ी को नदी से बाहर निकाल लिया गया है।
