चुनाव आयोग के फैसले का नड्डा ने किया स्वागत

नई दिल्ली। मतगणना के दिन नतीजों के बाद किसी तरह के विजय जुलूस या जश्न पर प्रतिबंध के चुनाव आयोग के फैसले का भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने स्वागत किया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा है कि भारतीय जनता पार्टी चुनाव आयोग द्वारा परिणामों के बाद विजय जुलूस पर प्रतिबंध के फैसले का स्वागत करती है। मैंने भाजपा की सभी राज्य इकाइयों को इस निर्णय का पालन करने का निर्देश दिया है। हमारा हर कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा के साथ इस संकट की घड़ी में आम जन की सेवा में निरंतर लगा रहेगा। सभी राज्यों की भाजपा इकाइयां विधानसभा चुनावों और उप चुनावों के परिणामों के दिन चुनाव आयोग के आदेश और कोविड सम्बन्धी प्रोटोकालों का अक्षरशः पालन करेंगी। मेरा सभी कार्यकर्ताओं और देशवासियों से आग्रह है कि अभी अधिक से अधिक स्वास्थ्य सम्बंधी नियमों का पालन करे और जागरूकता बढ़ायें।
ज्ञात हो कि देश में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच चुनाव आयोग ने मतगणना के दिन नतीजों के बाद किसी तरह के विजय जुलूस या जश्न पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है। पश्चिम बंगाल,  केरल,  तमिलनाडु,  असम और पडुचेरी में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजे 2 मई को घोषित किए जाएंगे। नतीजों के बाद प्रत्याशी सिर्फ दो लोगों के साथ रिटर्निंग ऑफिसर से जीत का सर्टिफिकेट लेने जा सकता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.