दिल्ली : सोमवार से खुलेंगी फैक्ट्रियां, शुरू होंगे निर्माण कार्य

नई दिल्ली। कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में कमी आने के बाद दिल्ली में अनलॉक की प्रक्रिया धीरे-धीरे शुरू हो गई है। सोमवार से दिल्ली में फिलहाल एक सप्ताह के लिए निर्माण कार्य व फैक्ट्री गतिविधियों को खोला जा रहा है। इसका एलान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को डिजिटल पत्रकार वार्ता के दौरान किया। इसके साथ ही यह भी तय हो गया है कि दिल्ली मेट्रो ट्रेनों का संचालन आगामी 31 मई से प्रारंभ नहीं किया जाएगा।
बता दें कि दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की अहम बैठक शुक्रवार सुबह साढ़े 11 बजे के आसपास हुई। इस बैठक में ये फैसले लिए गए हैं जिसका एलान सीएम अरविंद केजरीवाल ने किया। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के लोगों से यह भी अपील की है कि जरूरी नहीं हो तो घरों से बाहर न निकलें। उन्होंने कहा कि दिल्ली के दो करोड़ लोगों की मेहनत का नतीजा है कि यहां संक्रमण दर कम हो गया है। इसमें दिल्ली की जनता का बड़ा योगदान है। जनता ने पूरा सहयोग दिया है। उन्होने कहा कि हमें कोरोना को कम करना है। सोमवार को सुबह पांच बजे तक लॉकडाउन है जिसके बाद धीरे-धीरे दिल्ली अनलॉक की ओर दिल्ली बढ जाएगी।
अरविंद केजीरवाल ने कहा कि एलजी साहब के साथ दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की बैठक हुई। इसके बाद एक सप्ताह के लिए निर्माण कार्य व फैक्ट्री गतिविधियों को एक सप्ताह के लिए खोला जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमें कोरोना से संबंधित नियमों का पूरा पालन करना है ताकिं लॉकडाउन न लगाना पड़े।
विदित हो कि पिछले डेढ़ सप्ताह के दौरान देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है। ऐसे में लॉकडाउन को खत्म करने या फिर इसमें ढील देने की बात कही जा रही है। दिल्ली में आगामी 31 मई तक लॉकडाउन है वहीं दिल्ली में कोरोना की संक्रमण दर घटकर 1.53 फीसद हो गई है जो पिछले 64 दिन में सबसे कम है। इससे पहले 24 मार्च को संक्रमण दर 1.52 फीसद थी। संक्रमण कम होने से 24 घंटे के दौरान दिल्ली में 66 दिन में सबसे कम कोरोना के 1,072 नए मामले आए हैं। पिछले 24 घंटे में 117 मरीजों की मौत हुई जो पिछले दिनों के मुकाबले कम है।
इस अनलॉक की प्रक्रिया में जिन्हें बंद रखा गया है उनमे मेट्रो, मॉल, सिनेगा हॉल, दुकानें, बाजार शामिल हैं। जिन्हें राहत दी गई है उनमें बीमार लोगों को अस्पताल जाने और अस्पताल से आने की छूट है। इलाज के लिए जा रही गर्भवती महिलाओं की आवाजाही पर रोक नहीं। तबीयत अचानक खराब हुई है तो इस तरह की पाबंदी नहीं होगी। बसें भी चलेंगीं। ऑटो व टैक्सी जैसी सार्वजनिक परिवहन सुविधाएं अपने तय समय के हिसाब से चल सकेंगी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.