चार मंजिला इमारत गिरने से दो की मौत

नई दिल्ली। दिल्ली के सब्जी मंडी इलाके में सोमवार को एक चार मंजिला इमारत के धराशायी हो जाने से जहां दो बच्चों की मौत हो गई वहीं इमारत के मलबे से कुल तीन लोग निकाल लिए गए।
दमकलकर्मियों के मुताबिक मलबे में अब कोई नहीं है। राहत और बचाव कार्य पूरा हो गया है। बिल्डिंग गिरने की सूचना मिलने के बाद फायर विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंची थीं। इमारत गिरने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दिल्ली अग्निशमन सेवा के प्रमुख अतुल गर्ग ने बताया कि इस घटना के बारे में पूर्वाह्न 11 बजकर 50 मिनट पर जानकारी मिली थी, जिसके बाद दमकल के सात वाहनों को घटनास्थल पर भेजा गया।
इमारत के मालिक संजय अनेजा का कहना है कि इमारत की हालत बिल्कुल सही थी। वो अपने तीन भाइयों और मां के साथ इसी इमारत में रहता है। सोमवार सुबह सभी अपने काम पर गए हुए थे। उनकी मां पास के मेडिकल दुकान पर गई थी, तभी इमारत गिर गई। जिस वक्त इमारत गिरी घर में उनका भतीजा था जोकि इमारत से कूद कर निकल गया। संजय अनेजा का कहना है कि इमारत में तीन फ्लोर पर तीनों भाई रहते हैं जबकि ग्राउंड फ्लोर पर दुकान है। उनके चाचा ने कुछ दिन पहले ही ये दुकान बेच दी थी जिसमें मरम्मत का काम चल रहा था। आरोप है कि दुकान मालिक ने बिना इजाजत वंहा काम शुरू किया। उसको 2 बार इन्होंने टोका भी लेकिन वो नहीं माना। उसने मरम्मत के काम के लिए भारी मशीन लगा रखी थी जिसकी वजह से ये हादसा हुआ। मरने वालों में 12 साल की सौम्या गुप्ता और 9 साल का उसका भाई प्रशांत है।
वहीं, दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने कहा कि सब्जी मंडी क्षेत्र में इमारत गिरने की दुखद घटना से व्यथित हूं। इस घटना में मारे गए बच्चों के परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। तत्काल राहत और बचाव कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जा रहे हैं। एलजी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि इस तरह की जहां.जहां इमारतें हैं उसकी पहचान कर उचित कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में फिर से ऐसी घटना न हो। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि वह स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। उन्होंने ट्वीट में कहा कि सब्जी मंडी इलाके की यह घटना बेहद दुखद है। प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में लगा है। जिला प्रशासन के जरिए मैं खुद भी स्थिति पर नजर रख रहा हूं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.