एक दिन पहले बाबा की आरती में टूटा रिकॉर्ड
पटना। बाबा की नगरी बैद्यनाथ धाम जहां प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर पूरी तरह सजा नजर आया वहीं प्रधानमंत्री की पूजा से पहले महज 24 घंटे में 3 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा का दर्शन किया है। एक दिन पूर्व यानि सोमवार को बाबा की आरती में भीड़ ने रिकॉर्ड तोड़ दिया है। सावन के सोमवार की तरह ही बाबा के मंदिर में आरती के दौरान भक्तों की भीड़ जुटी नजर आयी। प्रधानमंत्री के पूजन को लेकर मंदिर में श्रद्धालु पहले ही दर्शन पूजन कर लिए। मंदिर के पुजारियों का कहना है कि प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर ही मंदिर में भक्तों की भीड़ पहले बढ़ी है। दर्शन से लेकर आरती तक में भक्तों की भारी भीड़ देखी गई है।
देवघर के पुजारी अनुराग पंडा का कहना है कि मंदिर में प्रधानमंत्री का आगमन है और इसके पहले भक्तों की भीड़ ने रिकॉर्ड तोड़ दिया है। सोमवार की शाम आरती में पूरा मंदिर प्रांगण खचाखच भरा रहा। आरती के समय भक्तों की भीड़ सावन के सोमवार की तरह रही। गेट से लेकर मंदिर प्रांगण में भक्तों की पूरी भीड़ लगी रही। प्रधानमंत्री के आगमन से 4 घंटे पहले मंदिर को सुरक्षा कारणों से पूरी तरह से सील कर दिया गया और सिर्फ अनुमति वाले लोग ही प्रवेश कर पाएंगे इसकी व्यवस्था की गई है। ऐसे में आम श्रद्धालुओं की पूजा थोड़ी प्रभावित होगी, इस कारण से ही भक्तों ने 24 घंटे पहले ही दर्शन पूजन का कार्यक्रम बना लिया। सोमवार को पूरे दिन मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। जलाभिषेक करने वालों की लाइन खत्म नहीं हुई। शाम की आरती में भी भक्तों की भीड़ दिखी।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के कारण देवघर में होटल और धर्मशाला भी पूरी तरह से फुल हो गए हैं। बाहर से दर्शन पूजन के लिए आए श्रद्धालुओं को जगह नहीं मिल रही है। सुरक्षा कर्मियों और बाहर से आने वाले वीआईपी के साथ विशेष सुरक्षा एजेंसियों के लिए ही प्रशासन ने अधिक होटर और ठहरने का स्थान हायर कर लिया है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर देवघर में कई राज्यों के नेता भी डेरा डाले हुए हैं। इस कारण से भी काफी भीड़ है और लोगों को जगह नहीं मिल पा रही है। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने वाले अधिक हैं। इसमें कुछ बाहर से आए श्रद्धालु भी हैं जो दर्शन के लिए ठहरे हैं। । रविवार से आस पास के सभी होटल पूरी तरह से फुल हैं।
