सेंसेक्स 75000 अंक के साथ शिखर पर
नई दिल्ली। भारतीय बेंचमार्क इंडेक्स मंगलवार को नए हाई पर खुले। आईटी और ऑटो सेक्टर में खरीदारी के कारण अमेरिकी बाजार में कमजोर रुख के बावजूद भारतीय बाजार में हरियाली दिखी। एसएंडपी बीएसई सेंसेक्स पहली बार 75,000 अंक के साथ 75,124 के नए शिखर पर पहुंच गया, जबकि व्यापक निफ्टी 50 ने 22,765 की नई ऊंचाई को छू लिया। दोनों सूचकांक 0.20 प्रतिशत से अधिक की बढ़त के साथ कारोबार करते दिखे।
मंगलवार के कारोबारी सेशन के दौरान इंफोसिस, एक्सिस बैंक और ग्लैंड फार्मा के शेयर फोकस में रहे। इंफोसिस के शेयर दो प्रतिशत तक चढ़े। इस बढ़त का कारण बैँक ऑफ अमेरिका की ओर से इसे न्यूट्रल से बाय कैटेगेरी में अपग्रेड करना रहा। बेन कैपिटल की ओर से एक्सिस बैंक के शेयरों में ब्लॉक डील के जरिए 1.1 प्रतिशत की हिस्सेदारी बेचे जाने की खबरों के बाद निजी बैंक के शेयर सपाट ढंग से कारोबार करते दिखे। वहीं निकोमैक मशीनरी और आरपी एडवाइजरी सर्विसेज की ओर से ब्लॉक डील के जरिए 4.4 प्रतिशत की हिस्सेदारी बेचने की खबरों के बाद ग्लैंड फार्मा के शेयरों में पांच प्रतिशत से अधिक की गिरावट दिखी।
