हौसले बुलंद हो तो नतीजे भी सही मिलते हैं : मोदी
पीलीभीत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को पीलीभीत में भारत माता की जय के साथ चुनावी जनसभा की शुरुआत की। उन्होंने देशवासियों को नवरात्रि और हिंदू नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज से चैत्र नवरात्रि भी शुरू हो गई है। देशभर में शक्ति उपासना की धूम मची है। हर कोई भक्ति में डूबा हुआ है, शक्ति उपासना में जुटा हुआ है। कुछ ही दिन में बैसाखी भी आने वाली है, मैं आपको बैसाखी की भी शुभकामनाएं देता हूं।
प्रधानमंत्री मोदी ने सभा को संबोधित करते हुए विपक्षी गठबंधन पर जमकर निशाना साधा। प्रधानमंत्री ने कहा कि पीलीभीत की धरती पर माता यशवंतरी देवी का आशीर्वाद है। यहां आदि गंगा मां गोमती का उद्गम स्थल है। आज नवरात्रि के पहले दिन मैं देश को ये भी याद दिला रहा हूं कि कैसे इंडी गठबंधन ने शक्ति को खत्म करने की सौगंध खाई है। आज देश में जिस शक्ति की पूजा हो रही है उस शक्ति का कांग्रेस ने घोर अपमान किया है। जिस शक्ति के आगे हम शीश झुकाते हैं उस शक्ति को उखाड़ फेंकने की बात ये कांग्रेस के नेता कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर न बने, इसके लिए कांग्रेस ने लाख कोशिश की लेकिन जब देश की जनता ने पाई-पाई देकर इतना भव्य मंदिर बना दिया और जब मंदिर वालों ने आपके सारे गुनाह माफ करके प्राण प्रतिष्ठा में आमंत्रित किया तो काग्रेस ने आमंत्रण को ठुकरा कर भगवान राम का अपमान किया और जो नेता प्राण प्रतिष्ठा में गए उन्हें छह साल के लिए पार्टी से निकाल दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस का घोषणापत्र मुस्लिम लीग का घोषणापत्र लग रहा है। सपा और कांग्रेस सीएए का विरोध कर रही है। विपक्षी गठबंधन भारत को बांटने की साजिश में जुटा है।
मोदी ने कहा कि कांग्रेस और सपा के राज में गन्ना किसानों को कैसे अपने ही पैसे के लिए तरसाया जाता था। यह आपसे अच्छा कौन जातना है। भाजपा सरकार ने गन्ना किसानों की परेशानी को कम करने के लिए पूरी ताकत से काम किया है। कई चीनी मिलें खुलीं है, कई का विस्तार हुआ है और ये काम लगातार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 10 वर्ष पहले किसानों की क्या हालत थी। यूरिया की कालाबाजारी होती थी। किसानों पर लाठीचार्ज होता था। आज यूरिया पर्याप्त मात्रा में मिल रही है। यूरिया की बोरी दुनिया में तीन हजार रुपये में मिलती है लेकिन हमारी सरकार तीन सौ रुपये से कम में देती है। किसानों को सम्मान निधि मिल रही है। किसानों के बैंक खातों में 70 हजार करोड़ रुपये मोदी सरकार ने पहुंचाया है। 850 करोड़ रुपये पीलीभीत के किसानों के बैंक खातों में पहुंचे हैं।प्रधानमंत्री ने कहा कि सारी दुनिया की मुश्किलों के बीच भारत आज दिखा रहा है कि उसके लिए कुछ भी असंभव नहीं है। कभी कांग्रेस सरकारें दुनिया से मदद मांगती थीं लेकिन कोरोना के महासंकट में भारत ने पूरी दुनिया में दवाइयां और वैक्सीन भेजी। दुनिया में कहीं भी युद्ध का संकट आया हमने एक-एक भारतीय को सुरक्षित निकाला है। मोदी ने कहा कि आज पूरी दुनिया में भारत का डंका बज रहा है। यह आपके वोट की ताकत है। आपके वोट से मजबूत सरकार बनी है। भाजपा सरकार ने दुनिया को दिखा दिया कि भारत किसी से कम नहीं है। जब नीयत सही होती है। हौसले बुलंद होते हैं तो नतीजे भी सही मिलते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि हम लोग विकसित भारत के संकल्प पर काम कर रहे हैं। भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती हुई आर्थिक ताकत बना है। हमारे चंद्रयान ने चांद पर तिरंगा फहराया। भारत में आयोजित जी.20 की पूरी दुनिया में प्रशंसा हुई है।
