एमवीए मे सीट शेयरिंग पर बात बनी

महाराष्ट्र में विपक्षी गठबंधन महाविकास आघाड़ी (एमवीए) में शामिल कांग्रेस, शिवसेना (यूबीटी) और एनसीपी  के बीच सीट शेयरिंग पर बात बन गई है। उद्धव ठाकरे की पार्टी शिवसेना (यूबीटी) कुल 48 सीटों में से सबसे अधिक 21 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। वहीं कांग्रेस 17 और शरद पवार की पार्टी एनसीपी  10 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। तीनों दलों के सांगली, भिवंडी और मुंबई नॉर्थ सीट पर टकराव बना हुआ था। हालांकि अब तस्वीर साफ हो गई है। भिवंडी सीट पर एनसीपी लड़ेगी। गठबंधन समझौते के तहत सांगली सीट शिवसेना (यूबीटी) और मुंबई नॉर्थ सीट कांग्रेस के खाते में गई है।
सीट शेयरिंग फॉर्मूले की घोषणा के लिए एमवीए ने प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई थी। इसमें शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख उद्धव ठाकरे, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले और एनसीपी के प्रमुख शरद पवार समेत अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे। कांग्रेस जिन 17 सीटों पर चुनाव लड़ेगी उनमें रामटेक, नागपूर, भंडारा, गोंदिया, गडचिरोली, लातूर, सोलापूर, कोल्हापूर, पुणे, नांदेड, अमरावती, नंदुरबार, अकोला, चंद्रपूर, धुले, जालना, मुंबई उत्तर, मुंबई उत्तर मध्य सीट शामिज हैं। वहीं शरद पवार की एनसीपी जिन 10 सीटों पर चुनाव लड़ेगी उनमें बारामती, शिरूर, सातारा, भिवंडी, दिंडोरी, माढा, रावेर, वर्धा, अहमदनगर दक्षिण और बीड को शामिल किया गया है। उद्धव ठाकरे की शिवसेना जिन 21 सीटों पर चुनाव लड़ेगी उनमें दक्षिण मुंबई, दक्षिण मध्य मुंबई, उत्तर पश्चिम मुंबई, मुंबई उत्तर पूर्व, जलगांव, परभनी, नासिक, पालघर, कल्याण, ठाणे, रायगढ़, मावल, धाराशिव, रत्नागिरि, बुलढाणा, हातकणांगले, संभाजीनगर, शिरडी, सांगली, हिंगोली, यवतमाल और वाशिम शामिल है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.