असम में पहले चरण का चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न

81.09 लाख मतदाताओं ने किया अपने अधिकार का प्रयोग

गुवाहाटी। ऊपरी असम और ब्रह्मपुत्र नदी के किनारों पर स्थित 12 जिलों की 47 सीटों पर शनिवार को मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। इन सीटों पर कुल 81.09 लाख मतदाता 11,537 मतदेय स्थलों पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिन सीटों पर आज वोट डाले गए उन पर मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल, स्पीकर हितेंद्रनाथ गोस्वामी, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रिपुन बोरा और राज्य सरकार के कई मंत्री के भाग्य का फैसला आज ईवीएम में कैद हो गए।

विदित हो कि राज्य विधानसभा में कुल 126 सीटें हैं। इन पर 27 मार्च के बाद 1 अप्रैल और 6 अप्रैल को मतदान होने हैं।। राज्य की ज्यादातर सीटों पर मुकाबला त्रिकोणीय है। सत्तारूढ़ भाजपा-अगप गठबंधन जहां सत्ता बरकरार रखने की जुगत से चुनाव मैदान में हैं तो कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्षी दलों का गठबंधन राज्य में अपनी खोई ताकत पाने की कोशिश में है। चुनाव आयोग ने बताया कि शाम पांच बजे तक असम विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 71.62 फीसद मतदान दर्ज किये गये है।
इस बीच असम कांग्रेस प्रमुख रिपुन बोरा ने शनिवार को कहा कि लोग असम में कांग्रेस की वापसी चाहते हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह से गोहपुर के लोग इस मतदान में अनायास बाहर आए उससे स्पष्ट है कि लोग राज्य में बदलाव चाहते हैं और इस बार कांग्रेस की वापसी चाहते हैं। बोरा ने अपने परिवार के साथ एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। बोरा ने राज्य में चाय का काम करने वाले हर शख्स के दैनिक वेतन के लिए लोगों से वोट करने का आग्रह किया था। उन्होंने ट्वीटर पर लिखा था कि आज आपका वोट हर चाय वाले के प्रतिदिन का वेतन सुनिश्चित कर सकता है जिसके वो पात्र हैं। कांग्रेस की 365 रुपये की गारंटी के रूप में उनकी दैनिक मजदूरी से उनके जीवन और उनके परिवारों में सुधार होगा। समझदारी से अपना वोट दें। बता दें कि बोरा गोहपुर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं जहां उनका सामना भाजपा विधायक उत्पल बोरा से हो रहा है। इससे पहले 2016 में रिपुन बोरा की पत्नी मोनिका बोरा को यहां हार का सामना करना पड़ा था। उधर कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने असम विधानसभा चुनाव के पहले चरण में जोरहाट में मतदान किया। उन्होंने कहा कि यह मेरे लिए बहुत भावुक क्षण रहा जब यह कई साल बाद पहली बार मैं अपने माता.पिता के बिना मतदान केंद्र पर आया हूं।
असम के सीएम सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि कांग्रेस और अन्य दलों के नेता सिर्फ मीडिया में ही नजर आते हैं, लेकिन भाजपा और उसके सहयोगी लोगों के बीच काम करते हैं। असम के लोग अब जानते हैं कि सीएए,एनआरसी उन्हें प्रभावित नहीं करेगा। मेरा उद्देश्य राज्य में फिर से भाजपा की सरकार बनाना है।मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने डिब्रूगढ़ के जेपी नगर में विधानसभा चुनाव के पहले चरण में मतदान किया। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि हम 100 से ज्यादा सीट जीतेंगे। असम के सीएम सर्बानंद सोनोवाल ने मतदान से पहले डिब्रूगढ़ के बोगा बाबा मजार में प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि मैं सभी के लिए शांति और भारतीय जनता पार्टी की जीत की प्रार्थना की है।
विदित हो कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने असम के लोगों से रिको़र्ड वोटिंग की अपील की थी। नड्डा ने ट्वीट किया था कि असम विधानसभा चुनावों में आज प्रथम चरण का मतदान है। सभी मतदाताओं से मेरी विनती है कि वे अधिक से अधिक संख्या में लोकतंत्र के इस पावन पर्व में भागीदार बनें और वोटिंग का नया रिकॉर्ड बनाएं। मास्क पहनने और सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान भी अवश्य रखें। आज असम में प्रथम चरण का मतदान है। मैं सभी भाईयों, बहनों और विशेषकर युवाओं से अपील करता हूं कि प्रदेश में शांति, विकास व समृद्धि को बनाए रखने के लिए भारी संख्या में मतदान करें। लोकतंत्र के इस महापर्व में आपकी भागीदारी ही असम की प्रगति का प्रमुख स्तंभ है इसलिए मतदान अवश्य करें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.