असम चुनाव : राहुल गांधी ने मां कामाख्या के दरवार में की पूजा अर्चना

गुवाहाटी। असम विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राहुल गांधी राज्य के दौरे पर हैं। उन्होंने गुवाहाटी के कामाख्या मंदिर में पूजा अर्चना की। इसके बाद उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी मतदाताओं से किया हर वादा पूरा करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने पांच गारंटी दी हैं ये हमारा चुनाव का मुख्य मुद्दा है। हम भाजपा जैसे नहीं हैं। हमने छत्तीसगढ़, पंजाब, कर्नाटक में कहा था कि कर्जा माफ करेंगे और किया। चाय बागानों के मजदूरों को न्यूनतम 365 रुपये प्रतिदिन की हमारी गारंटी को याद रखना चाहिए।
बता दें कि राज्य में तीन चरणों में चुनाव होने हैं। पहले चरण का मतदान 27 मार्च को हुआ। दूसरे चरण का मतदान गुरुवार एक अप्रैल को होना है। वहीं तीसरे चरण का मतदान छह अप्रैल को होगा। नतीजे दो मई को आएंगे। विदित हो कि राहुल गांधी को चुनाव प्रचार के लिए मंगलवार को असम आना था लेकिन खराब मौसम के चलते वो नहीं आ सके। ऐसे में माइक्रो ब्लॉगिंग प्लेटफार्म ट्विटर पर पोस्ट किए गए एक वीडियो संदेश में राहुल गांधी ने कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन के पक्ष में लोगों से मतदान की अपील की और पांच लाख नौकरियां और चाय बगान के श्रमिकों को न्यूनतम 365 रुपये मजदूरी देने के पार्टी के वादे को भी दोहराया। कांग्रेस नेता ने कहा कि असम को लेकर उनकी पार्टी और गठबंधन का संदेश स्पष्ट है। हम अपने पांच सुनिश्चित वादों के साथ असम को विकास के रास्ते पर आगे ले जाएंगे। कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा अनुच्छेद 254.ए को खत्म करने की योजना बनाकर पहाड़ों में रहने वाले आदिवासियों को निशाना बना रही है। राहुल ने इस दौरान नागरिकता संशोधन अधिनियम यानी सीएए को लेकर भाजपा के खिलाफ प्रहार जारी रखा। सीएए को असम के इतिहास, संस्कृति और भाषा पर हमला करार देते हुए पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि अगर उनकी पार्टी राज्य में सत्ता में आती है तो इसे लागू नहीं होने देगी।
