केंद्रीय सशस्त्र बलों की 71 अतिरिक्त कंपनियां तैनात करने के दिए निर्देश

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में चुनाव के दौरान हो रही हिंसा को लेकर निर्वाचन आयोग सख्त हो गया है। बचे चार चरणों के चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न कराने को गृह मंत्रालय से केंद्रीय सशस्त्र बलों की 71 अतिरिक्त कंपनियां भेजने को कहा है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि आयोग ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को सुरक्षा बलों की इन कंपनियों को तत्काल तैनात करने के निर्देश जारी किए हैं।
विदित हो कि पश्चिम बंगाल में विधानसभा की 294 सीटों के लिए आठ चरणों में मतदान हो रहा है। अगले चार चरणों के चुनाव 17, 22, 26 और 29 अप्रैल को होने हैं। पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले में शनिवार को स्थानीय लोगों द्वारा हमला किए जाने के बाद सीआईएसएफ के जवानों ने अपने बचाव में कथित तौर पर गोलियां चलाई जिसमें चार लोगों की मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने सीआईएसएफ जवानों से उनकी राइफलें छीनने की कोशिश की थी। यह घटना सीतलकूची में हुई जब मतदान चल रहा था। टीएमसी ने दावा किया कि मारे गए चार लोग उसके समर्थक थे।
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कूचबिहार जिले में शनिवार को चौथे चरण के मतदान के दौरान हुई हिंसा को दुखद बताया। उन्होंने इस घटना में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई साथ ही निर्वाचन आयोग से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की गुजारिश की। पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि भाजपा के पक्ष में जनसमर्थन देख ममता बनर्जी बौखला गई हैं।
