पूर्व सांसद शहाबुद्दीन का निधन

पटना। कोरोना वायरस संक्रमण की चपेट में आए बिहार के बाहुबली नेता और राष्ट्रीय जनता दल के पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन का शनिवार को निधन हो गया।

मिली जानकारी के मुताबिकए तिहाड़ जेल में उम्र कैद की सजा काट रहे बिहार के सीवान से राजद के पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। तिहाड़ जेल संख्या दो में बंद शहाबुद्दीन का पहले जेल परिसर स्थित अस्पताल में इलाज किया गया लेकिन हालत में सुधार होता नहीं देख उन्हें हरि नगर स्थित दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में 20 अप्रैल को भर्ती कराया गया था। यहां गहन चिकित्सा इकाई में लगातार उसका उपचार चल रहा था। उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। दिल्ली की जेलों में इस वर्ष कोरोना संक्रमण से होने वाली यह पांचवीं मौत है। पिछले वर्ष भी दो कैदियों की संक्रमण ने जान ली थी। बता दें कि शहाबुद्दीन तिहाड़ जेल संख्या दो में बंद थे। इसी जेल में बंद कुख्यात बदमाश छोटा राजन भी कोरोना की चपेट में है। फिलहाल छोटा राजन का उपचार एम्स में चल रहा है।
दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि कोरोना वायरस संक्रमित मोहम्मद शहाबुद्दीन 20 अप्रैल से इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती थे। शनिवार को उनका निधन हो गया। इससे पहले इलाज के लिए भर्ती बिहार के सिवान लोकसभा से पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन के बारे में कहा जा रहा था कि कोरोना संक्रमण के चलते फिलहाल उनकी हालत बेहद गंभीर है  लेकिन अब उनका निधन हो गया।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्व सांसद शहाबुद्दीन के निधन पर गहरी शोक संवेदना जाहिर की है। नीतीश ने कहा कि शहाबुद्दीन लंबे समय तक सिवान से सांसद व विधायक रहे। कोरोना से उनका निधन हो गया। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे और स्वजनों को इस दुख की घड़ी को सहने की शक्ति दे। वहीं राजद विधायक तेजस्वी यादव ने कहा कि पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन का कोरोना संक्रमण के कारण असमय निधन की दुःखद ख़बर पीड़ादायक है। ईश्वर उनको जन्नत में जगह दें। परिवार और शुभचिंतकों को संबल प्रदान करें। उनका निधन पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है। दुख की इस घड़ी में राजद परिवार शोक संतप्त परिजनों के साथ है।
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, पूर्व मंत्री तेजप्रताप यादव, राजयसभा सांसद मीसा भारती ने पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन के असामयिक निधन पर गहरा शोक एवं दुख व्यक्त किया है। कहा कि उनके निधन से पूरा राजद परिवार शोकाकुल एवं मर्माहत है। शहाबुद्दीन राजद के संस्थापक सदस्यों में थे। उनकी गहरी पैठ सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में थी। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे। वहीं राजद प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह,  पूर्व मंत्री रामचंद्र पूर्वे, अब्दुल बारी सिद्दीकी, अवध बिहारी चौधरी, शिवचंद्र राम, राजद के प्रधान महा सचिव एवं पूर्व मंत्री  श्याम रजक, विधायक अख्तर इस्लाम शाहीन, पूर्व विधायक डॉक्टर दाऊद अली सहित अनेकों राजद विधायकों ने मोहम्मद शहाबुद्दीन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.