यूपी : अव सिर्फ चार जिलों में ही कोरोना कर्फ्यू

नई दिल्ली। देश में कोरोना संक्रमितों के मामले कम होते जा रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 1.14 लाख नए मामले दर्ज किए गए जो 2 महीने में सबसे कम हैं। वहीं कोरोना केसों के मामलों में गिरावट के साथ ही कुछ राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों ने लॉकडाउन प्रतिबंधों में ढील देनी शुरू कर दी गई है। राजधानी दिल्ली में 7 जून से बाजारों और मॉल को फिर से खोला जाएगा साथ ही मेट्रो सेवाओं को फिर से शुरू की जाएगी। जबकि महाराष्ट्र साप्ताहिक पॉजिटिविटी रेट और जिलों में ऑक्सीजन बेड की उपलब्धता के आधार पर लॉकडाउन को ढील देने और प्रतिबंधों को कम करने के लिए पांच.स्तरीय योजना लागू करेगा।
बता दें कि ज्यादातर उत्तरी और पश्चिमी राज्यों में कोविड -19 की स्थिति में सुधार हुआ है, जबकि देश के दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों में अभी भी कोविड -19 मामलें ज्यादा संख्या में आ रहे हैं। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने सोमवार से प्रतिबंधों में कुछ ढील के साथ 14 जून तक एक सप्ताह के लिए लॉकडाउन की घोषणा की है। यह लॉकडाउन उन 11 जिलों को छोड़कर लगाए गए हैं जहां कोरोना के मामले कम आ रहे हैं।
यूपी में अब सिर्फ चार जिलों में ही कोरोना कर्फ्यू लागू रहेगा। बाकी प्रदेश के सभी जिलों में कोरोना संक्रमितों की संख्या 600 से कम हो गई है। अब सिर्फ लखनऊ, मेरठ, सहारनपुर और गोरखपुर में ही कोरोना कर्फ्यू लागू रहेगा। इसके साथ ही प्रदेश के 71 जिले कोरोना कर्फ्यू मुक्त हो गए। हालांकि, शनिवार व रविवार को सभी जिलों में पहले के आदेशों के अनुसार साप्ताहिक बंदी लागू रहेगी। वहीं, बीते 24 घंटों में प्रदेश में 1100 नए मामले आए हैं जबकि 2446 मरीज डिस्चार्ज होकर घर वापस गए हैं। प्रदेश में इस समय सक्रिय मामलों की संख्या 17944 है।
बता दें कि यूपी सरकार कोरोना को नियंत्रित करने के ट्रिपल टी अर्थात टेस्ट, ट्रैक और ट्रीट की नीति पर काम कर रही है। प्रदेश में हर रोज तीन लाख से ज्यादा टेस्ट किए जा रहे हैं। प्रदेश का ओवरऑल कोरोना पॉजिटिविटी रेट 3.3 प्रतिशत वहीं रिकवरी रेट 97.7 फीसद है। प्रदेश में अब तक रिकॉर्ड पांच करोड़ से ज्यादा (पांच करोड़ 13 लाख 42 हजार पांच सौ 37) टेस्ट किए जा चुके हैं। प्रदेश में अब तक 2 करोड़ 2 लाख 34 हज़ार 598 लोगों का टीकाकरण हो चुका है जिसमें युवाओं की संख्या 30 लाख से ज्यादा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.