अगले हफ्ते पीएम मोदी से मुलाकात करेंगी ममता

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी 25 जुलाई को दिल्ली दौरे पर जा रही हैं। इस दौरान वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात करेंगी। ममता ने गुरुवार को खुद यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री से मिलने का वक्त मिल गया है। ममता ने कहा कि मैं 2 -3 दिन के लिए दिल्ली जाऊंगी। अगर राष्ट्रपति से वक्त मिला तो उनसे मुलाकात करूंगी। प्रधानमंत्री से समय मिल चुका है।
बता दें कि मार्च-अप्रैल में हुए बंगाल चुनाव के बाद ममता और मोदी का पहली बार आमना-सामना होगा। एक और खास बात यह है कि ममता की मोदी से मुलाकात ऐसे समय होने जा रही है जब ममता पेगासस जासूसी विवाद और मीडिया हाउसेज पर रेड जैसे मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार पर हमलावर हैं। ममता के दिल्ली दौरे को राष्ट्रीय राजनीति में उनका कद बढ़ाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। साथ ही माना जा रहा है कि ममता बंटे हुए विपक्ष को बीजेपी के खिलाफ एकजुट करना चाहती हैं। हाल ही में हुए बंगाल चुनाव में बीजेपी के खिलाफ तृणमूल की जीत को देखते हुए भी ममता के दिल्ली दौरे को लेकर चर्चाएं तेज हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.