झारखंड में जज की हत्या का आरोपी गिरफ्तार
रांची। झारखंड के धनबाद में जिला एवं अतिरिक्त न्यायाधीश उत्तम आनंद की हत्या की मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि इनमें से एक ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। झारखंड पुलिस के प्रवक्ता अमोल बी होमकर ने बताया कि ऑटो चालक लखन वर्मा और उसके सहयोगी राहुल वर्मा को गिरफ्तार किया गया है। लखन ने स्वीकार किया है कि उसने ऑटो से जज को धक्का मारा था।
एडीजी ऑपरेशन संजय आनंद लाटकर की अगुआई में एसआइटी का गठन किया गया है। इस टीम में बोकारो डीआइजी और एसएसपी धनबाद को भी शामिल किया गया है। धनबाद पुलिस की फोरेंसिक टीम और सीआइडी भी तफ्तीश में जुटी ह इस मामले में धनबाद के जज ने हाईकोर्ट को लेटर लिखा था। इस पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने डीजीपी और धनबाद के एसएसपी को तलब कर पूरे मामले की जानकारी ली। सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने कहा कि अगर इस मामले की जांच में किसी भी वक्त लगा कि कोताही हो रही है तो इसे सीबीआइ को सौंप दिया जाएगा।
धनबाद पुलिस ने जज को टक्कर मारने वाले ऑटो को बुधवार देर रात गिरिडीह से बरामद कर लिया। जांच में पता चला है कि ऑटो मंगलवार को चोरी हुआ था और बुधवार सुबह 5.08 बजे जज उत्तम आनंद को टक्कर मार दी गई। वे सुबह पांच बजे वॉक पर निकले थे। बाद में घर से कुछ दूरी पर ही वे खून से लथपथ मिले। घटना के डेढ़ घंटे के बाद कुछ युवकों ने जज को अस्पताल पहुंचाया। वहां इमरजेंसी में घंटे भर इलाज के बाद उन्हें सर्जिकल आइसीयू में भर्ती किया गया और सुबह 9.30 बजे उनकी मौत हो गई।
उत्तम आनंद होटवार जेल में बंद गैंगस्टर समेत 15 बड़े अपराधियों के मामलों की सुनवाई कर रहे थे। उनके पास लंबित केसों में कई हाई प्रोफाइल मर्डर और आदतन अपराधियों के मुकदमे भी शामिल थे। उन्होंने दो मामलों में दो सगे भाइयों समेत तीन लोगों को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के जज उत्तम आनंद के सिर पर भारी चीज से चोट के निशान मिले हैं।
