गोगरा हाइट्स से पीछे हटेंगे भारत और चीन के सैनिक
नई दिल्ली। भारत और चीन के वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के बीच 12वें राउंड की बैठक में दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से निर्णय किया है कि पूर्वी लद्दाख के गोगरा हाइट्स इलाके से सेनाओं का डिसइंगजेमेंट किया जाएगा। सूत्रों का कहना है कि इस निर्णय को लेकर जमीन पर काम अगले तीन दिनों में शुरू कर दिया जाएगा।
बताया जाता है कि दोनों ही पक्षों के बीच हॉट स्प्रिंग्स इलाके को लेकर भी लंबी बातचीत हुई लेकिन इस पर कोई सहमति नहीं बन पाई है। 9 घंटे तक चली यह बैठक चीन की तरफ मोल्डो बॉर्डर प्वाइंट पर हुई। भारत ने लगातार जोर दिया कि विवाद के समाधान के लिए डेस्पांग, हॉट स्प्रिंग्स और गोगरा इलाकों में डिसइंगेजमेंट जरूरी है जिससे दोनों देशों के संबंध बेहतर रहें।
बता दें कि दोनों पक्षों के बीच ताजा बैठक करीब साढ़े तीन महीने बाद हुई है। 11वें राउंड की बैठक बीते 9 अप्रैल को वास्तविक नियंत्रण रेखा पर भारत की तरफ चुशुल बॉर्डर प्वाइंट पर हुई थी। यह बैठक करीब 13 घंटे तक चली थी। 12वें राउंड की बैठक विदेश मंत्री एस. जयशंकर के उस संदेश के बाद हुई जिसमें उन्होंने अपने चीनी समकक्ष वांग यी से कहा था कि बैठक की डेट टालने से दोनों देशों के संबंधों पर नकारात्मक असर पड़ेगा। दोनों विदेश मंत्रियों की बैठक शंघाई कोऑपरेशन की बैठक के दौरान हुई थी। इस बैठक में भी विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने साफ किया था कि वास्तविक नियंत्रण रेखा पर किसी भी तरह का एकतरफा बदलाव स्वीकार नहीं किया जाएगा। दोनों देशों के बीच संबंध तब ही सामान्य हो सकेंगे जब वास्तविक नियंत्रण रेखा पर शांति बनी रहे।
