पूर्व केंद्रीय मंत्री ऑस्कर फर्नांडिस का निधन

नई दिल्ली। पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता ऑस्कर फर्नांडिस का सोमवार को निधन हो गया। वे 80 साल के थे। ऑस्कर फर्नांडिस काफी समय से बीमार चल रहे थे।
जानकारी के मुताबिक मंगलुरु में उनका निधन हुआ। इससे पहले इसी साल जुलाई में वयोवृद्ध कांग्रेस नेता ऑस्कर फर्नांडीस की ब्रेन सर्जरी हुई थी। सर्जरी के बाद वह कोमा में थे। मस्तिष्क में बने रक्त के थक्के को येनेपोया अस्पताल, कोडियालबेल मंगलुरु में लगभग छह घंटे की लंबी सर्जरी के बाद हटा दिया गया था और उनकी हालत स्थिर बनी हुई थी। ऑस्कर फर्नांडिस को गांधी परिवार का बेहद करीबी माना जाता था। फर्नांडिस की गिनती कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी के करीबियों में से होती थी। वह यूपीए सरकार में सड़क- परिवहन मंत्री रह चुके थे। अभी भी ऑस्कर फर्नांडिस राज्यसभा के सांसद थे। इसके अलावा वह दिवंगत पूर्व पीएम राजीव गांधी के संसदीय सचिव भी रह चुके थे। साल 1980 में कर्नाटक की उडप्पी लोकसभा सीट से वह सांसद चुने गए थे, उसके बाद 1996 तक यहां से लगातार जीतते आए थे। वह सेंट्रल इलेक्शन अथॉरिटी ऑफ द ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के चेयरमैन भी रहे हैं।
ऑस्कर फर्नांडिस के निधन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा कि राज्यसभा सांसद ऑस्कर फर्नांडीस जी के निधन से दुखी हूं। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके परिवार और शुभचिंतकों के साथ हैं। उनकी आत्मा को शांति मिले।
ऑस्कर फर्नांडिस के निधन पर कांग्रेस पार्टी ने ट्विट करते हुए दुख जताया है। कांग्रेस ने कहा कि ऑस्कर फर्नांडिस के निधन से हमें गहरा दुख हुआ है। उनके परिवार के प्रति हमारी हार्दिक संवेदना है। समावेशी भारत के लिए उनके दृष्टिकोण का हमारे समय की राजनीति पर उनका बहुत बड़ा प्रभाव था। कांग्रेस परिवार को उनके मार्गदर्शन और दिशा-निर्देश की कमी खलेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.