बिहार के पूर्णिया में गरजे अमित शाह
नीतीश कुमार के साथ ही राजद को लिया निशाने पर

पटना। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शा ने पूर्णिया स्थित रंगभूमि मैदान में बीजेपी की जनभावना रैली को संबोधित करते हुएं बिहार में लोकसभा 2024 चुनाव की तैयारी का आगाज शुरू कर दिया। इस सभा से अमित शाह ने बिहार के तीन जिले पूर्णिया, अररिया और किशनगंज को ही नहीं सीधे तौर पर पश्चिम बंगाल के कई जिलों को भी एक साथ साधने का प्रयास किया ताकि बिहार में जातीय गोलबंदी की बजाय हिन्दुओं का ऐसा ध्रुवीकरण बनाया जाए जिससे यहां पर महागठबंधन को टक्कर दिया जा सके।
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री बनने के लिए राजद और कांग्रेस की गोदी में नीतीश बैठ गए। नीतीश कुमार ने जॉर्ज फर्नाडिस के साथ भी धोखा दिया। मांझी के साथ धोखा किया। अब बीजेपी को धोखा देकर लालू के पास चले गए। ये धोखा मोदी जी के साथ नहीं हुआ है। बिहार की जनता के साथ हुआ है। आप के ;बिहार सीएम नीतीश कुमार के पास केवल 2 लोकसभा सीटें थीं, घर के रहे थे, न घाट के। 2024 के लोकसभा चुनाव आने दीजिए बिहार की जनता लालू-नीतीश की जोड़ी का सफाया कर देगी। 2025 में भी भाजपा पूर्ण बहुमत से बिहार में सरकार बनाएगी।
श्री शाह ने कहा कि भाजपा ने वादा किया था कि बिहार के विकास के लिए 1 लाख 25 हजार करोड़ देंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आठ साल के कार्यकाल के दौरान वायदे से अधिक बिहार के विकास पर 1 लाख 35 करोड़ का हिसाब लेकर आया हूं। नीतीश बाबू अपना हिसाब दीजिए। कुर्सी बचाने के अलावे आपने क्या किया। बिहार के घरों में हमने शत-प्रतिशत बिजली दी, मां बहनों को गैस सिलेंडर, कोविड काल में मुफ्त राशन दिया, घर-घर में बैंक अकाउंट, सीधे खातों में योजनाओं का लाभ पहुंचाया। उन्होंने कहा कि एनएच 107 के दोहरीकरण, पूर्णिया, खगडिया एनएच 31 दोहरीकरण, किशनगंज में बाइपास, सीमांचल.झारखंड को जोड़नेवाला 6 किमी लंबा 4 लेन का गंगा पर पुल, गलगलिया-अररिया.सुपौल रेलखंड कार्य समेत कई योजनाएं हैं जो यह दर्शाती हैं कि सीमांचल के विकास के लिए केंद्र कितना तत्पर है।
उन्होंने सीमांचल के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सीमांचल के लोग अब सस्ती दर पर हवाई उड़ान भरेगे। उन्होंने कहा कि पूर्णिया में हवाई अड्डा लगभग बन गया है। सस्ते हवाई जहाज में 12 जिले के लोग जाएंगे। श्री शाह ने कहा कि हमें आज बिहार में जंगलराज दिख रहा है, पर नीतीश बाबू को षडयंत्र दिखायी पड़ता है। आजकल उनके साथ नये-नये लल्लन बाबू दिखायी पड़ते हैं। चारा घोटाला करनेवालों के साथ दोनों मिल गये। कभी सीबीआई के दफ्तर में अर्जी लेकर घूमते थे। अब घोटालेबाजों को बचाने के लिए सीबीआई को रोकने की बात करते हैं। श्री शाह ने कहा कि मोदी सरकार गरीवों की सरकार है और यह सरकार देश के गरीबों के लिए अनवरत काम करती रहेगी।
