लोस चुनाव : पहले चरण के मतदान के लिए अधिसूचना जारी

102 सीटों के लिए शुरू हुआ नामांकन

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर निर्वाचन आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 27 मार्च है। हालांकि, बिहार में पहले चरण में जिन लोकसभा सीट के लिए मतदान होना है उनके लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख एक त्योहार की वजह से बढ़ाकर 28 मार्च कर दी गई है। बिहार की 40 में से चार लोकसभा सीट पर मतदान प्रथम चरण में होगा और नामांकन पत्रों की जांच की प्रक्रिया 28 मार्च को की जाएगी। बिहार के लिए नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख 30 मार्च है। वहीं बिहार में प्रथम चरण की चार सीट के लिए नामांकन वापसी की प्रक्रिया दो अप्रैल तक जारी रहेगी।
विदित हो कि लोकसभा की 543 सीटों के लिए 19 अप्रैल. 26 अप्रैल, 7 मई, 13 मई,20 मई, 25 मई और 1 जून को मतदान कराए जाएंगे। 19 अप्रैल को पहले चरण में 102 सीट, 26 अप्रैल को दूसरे चरण में 89 सीट, 7 मई को तीसरे चरण में 94 सीट, 13 मई को चौथे चरण में 96 सीट, 20 मई को पांचवें चरण में 49 सीट, 25 मई को छठे चरण में 57 सीट और एक जून को सातवें और अंतिम चरण में 57 सीटों के लिए मतदान संपन्न कराए जाएगे।
19 अप्रैल को होने वाले पहले चरण में तमिलनाडु की 29, उत्तर प्रदेश की 8, राजस्थान की 12, उत्तराखंड 5, अरुणाचल प्रदेश की 2, असम की 5, बिहार की 4, छत्तीसगढ़ की 1, मध्य प्रदेश की 6, महाराष्ट्र की 5, मणिपुर की 2, मेघालय की 2, मिजोरम की 1, नागालैंड के 1, सिक्किम की 1, त्रिपुरा की 1, पश्चिम बंगाल की 3, अंडमान निकोबार की 1, जम्मू कश्मीर की 1, लक्षद्वीप की 1 और पुड्डुचेरी की 1 सीट पर मतदान होगा।
इस चुनाव को सपन्न कराने के लिए देश भर में 10.5 लाख मतदान केंद्र बनाए जा रहे हैं। चुनाव आयोग मतदान के लिए पूरी तरह से तैयार है और उन्होंने सभी वोटर्स से वोट डालने की अपील की। मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि चुनाव आयोग लोकसभा चुनाव को इस तरह से करवाने का वादा करता है जिससे वैश्विक मंच पर भारत की साख और बढ़ सके। चुनाव आयोग ने सभी राज्यों में मूल्यांकन के बाद स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने का वादा किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.