बाल-बाल बचे कमल नाथ


इंदौर। इंदौर के एलआइजी चौराहा स्थित डीएनएस अस्पताल की लिफ्ट रविवार शाम अचानक गिर गई। हादसे के समय पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ समेत कई कांग्रेस नेता लिफ्ट में सवार थे। अफरा.तफरी के बीच करीब 10मिनट बाद लोहे की छड़ और चाबी से लिफ्ट का दरवाजा खुल सका। एक कांग्रेस नेत्री को पैर में हल्की चोट आई। कलेक्टर ने घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं।
इंदौर में कांग्रेस के संभागीय सम्मेलन में भाग लेने के बाद कमल नाथ कांग्रेस नेता रामेश्वर पटेल की तबीयत देखने अस्पताल पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शी इरशाद शेख के अनुसार नाथ करीब 6 बजे पटेल को देखने अस्पताल पहुंचे थे। इससे आधे घंटे पहले ही सुरक्षाकर्मी अस्पताल में तैनात हो गए थे। कमलनाथ के आने तक लिफ्ट का दरवाजा खोल कर रखा गया था।नाथ आए तो उनके साथ कांग्रेस नेता सज्जन वर्मा, जीतू पटवारी, विशाल पटेल, विनय बाकलीवाल, अर्चना जायसवाल, पीएसओ मुकेश, राधेश्याम पटेल, सुरक्षा गार्ड समेत 12 से ज्यादा लोग लिफ्ट में सवार हुए। दरवाजा बंद होते ही तीसरी मंजिल पर जाने का बटन दबाया तो लिफ्ट ऊपर जाने के बजाय नीचे गिर गई।

कांग्रेस के महामंत्री शेख मोहम्मद शकील के अनुसार गिरने की आवाज आते ही सब लोग बेसमेंट की ओर दौड़े । लिफ्ट बेसमेंट से भी करीब दो फीट नीचे जाकर टिकी थी। दरवाजा बंद ही था। किसी को समझ नहीं आया क्या करें। अंदर मौजूद लोगों से पूछा कि वे ठीक हैं। गार्डों को बुलाया तो उनकी चाबी से लिफ्ट नहीं खुली। अन्य लोगों ने 7 से 8 मिनट की मशक्कत के बाद दरवाजा खोला। बाद में नाथ सीढ़ि‍यों से ऊपर पहुंचे और कांग्रेस नेता को देखकर एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए।

उधर अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि लिफ्ट गिरी नहीं बल्कि ओवरलोड होने के कारण तल मंजिल पर पहुंच गई थी।मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कमल नाथ से दूरभाष पर चर्चा करके उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने लिफ्ट दुर्घटना पर चिंता जताते हुए इंदौर कलेक्टर को घटना की जांच करने के आदेश दिए हैं। बाद में कमल नाथ ने ट्वीट करके कहा हनुमान जी की कृपा सदा से रही है जय हनुमान।

Leave A Reply

Your email address will not be published.