छिटपुट घटनाओ के बीच चौथे चरण का चुनाव संपन्न
नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल में छिटपुट घटनाओ के साथ ही उत्तर प्रदेश के कुछ गांवों में चुनावों के बहिष्कार की खबरों के बीच लोकसभा चुनाव के चौथे चरण का चुनाव शांतिपर्ण संपन्न हो गया। इस चौथे चरण के चुनाव में 10 राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों की 96 लोकसभा सीट पर सोमवार को शाम 6 बजे तक 62 फीसदी से ज्यादा (62.84) मतदान दर्ज किया गया। पश्चिम बंगाल में सबसे अधिक 75.94 फ़ीसदी और जम्मू.कश्मीर में 36.58 प्रतिशत मतदान रिकॉर्ड किया गया।
लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में सोमवार को शाम छह बजे तक बिहार की पांच सीट दरभंगा, उजियारपुर, समस्तीपुर, बेगुसराय और मुंगेर में 95.83 लाख से अधिक मतदाताओं में से लगभग 56.85 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसी तरह से मध्य प्रदेश में आठ लोकसभा सीट पर सोमवार शाम छह बजे तक 71.72 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वहीं शाम पांच बजे तक आंध्र प्रदेश में 68.04 फीसदी मतदान होने की खबर है। झारखंड में 63.14 फीसदी, महाराष्ट्र में 52.49 फीसदी, ओडिशा में 62.96 फीसदी, तेलंगाना में 61.16 फीसदी और तथा उत्तर प्रदेश में 56.35 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
आंध्र प्रदेश में तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) और वाईएसआरसीपी ने खासकर पलनाडु, कडप्पा और अन्नामय्या जिलों में एक.दूसरे पर हिंसा के आरोप लगाये। वाईएसआरसीपी ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर प्रतिद्वंद्वी तेदेपा पर वेमुरु, दारसी, इच्छापुरम, कुप्पम, माचेरला, मार्कापुरम, पालकोंडा और पेदाकुरापौडु समेत कई विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया है। वहीं उत्तर प्रदेश की बात की जाए तो यहां सड़कों और विकास कार्यों के अभाव को लेकर विरोध दर्ज कराते हुए शाहजहांपुर के कुछ गांवों में लोगों ने मतदान का बहिष्कार किया। पश्चिम बंगाल से मिली जानकारी के अनुसार यहां के आठ संसदीय क्षेत्रों में लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में हिंसा की छिटपुट घटनाओं के कारण बीरभूम और बर्धमान-दुर्गापुर लोकसभा सीट के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में टीएमसी और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। बर्धमान-दुर्गापुर से भाजपा उम्मीदवार दिलीप घोष के काफिले पर दो जगहों पर पत्थर फेंके जाने की खबर है। सूत्रों ने दावा किया कि टीएमसी कार्यकर्ताओं ने घोष के साथ अभद्रता भी की। बीरभूम लोकसभा सीट के अंतर्गत नानूर में भाजपा के पोलिंग एजेंटों को कथित तौर पर बूथ में प्रवेश करने से रोके जाने के बाद भाजपा कार्यकर्ता टीएमसी कार्यकर्ताओं से भिड़ गए। कृष्णानगर निर्वाचन क्षेत्र के छपरा इलाके में भी तनाव व्याप्त हो गया क्योंकि कथित तौर पर टीएमसी कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यकर्ताओं की पिटाई कर दी। भाजपा प्रत्याशी अमृता राय दो घायलों के साथ छपरा थाने पहुंचीं। टीएमसी ने आरोपों से इनकार किया है। वहीं पड़ोसी राज्य झारखंड से मिली जानकारी के अनुसार यहां माओवादियों ने एक पेड़ गिराकर पश्चिमी सिंहभूम जिले के सुदूर सोनापी और मोरंगपोंगा इलाकों की ओर जाने वाली सड़क को अवरुद्ध कर मतदान केंद्रों तक मतदाताओं की पहुंच को बाधित करने का प्रयास किया जिसे सुरक्षा बलों ने विफल कर दिया। जम्मू.कश्मीर की श्रीनगर लोकसभा सीट पर मतदान शांतिपूर्ण रहा जहां अब्दुल्ला परिवार की तीन पीढ़ियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
