केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मां माधवी राजे का निधन

ग्वालियर। ग्वालियर की राजमाता और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मां माधवी राजे का 15 मई की सुबह निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार थीं और उनका इलाज दिल्ली के एम्स में चल रहा था। वे निमोनिया से पीड़ित थीं। निधन के बाद उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए मंत्री सिंधिया के आवास पर लाया गया। यहां पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। उनका अंतिम संस्कार ग्वालियर में 16 मई को शाम 4 से 5 बजे के आसपास होगा।
माधवी राजे के निधन के बाद प्रदेश सहित पूरे देश में शोक की लहर फैल गई है। उनके निधन पर कांग्रेस की राष्ट्रीय नेत्री प्रियंका गांधी वाड्रा ने एक्स पर लिखा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया की माता श्रीमती माधवीराजे सिंधिया जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। वह विनम्र और साहसी महिला थीं।। उनको हम हमेशा आदर से याद करेंगे। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें एवं शोकाकुल परिवार को यह दुख सहने की शक्ति दें। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भी एक्स के माध्यम से शोक संवेदनाएं व्यक्त करते हुए लिखा कि श्रद्धेय राजमाता माधवी राजे सिंधिया के दुखद स्वर्गवास के समाचार सुन कर बेहद दुख हुआ। उनके हमारे पारिवारिक रिश्ते रहे हैं। वे अति विनम्र व्यवहार कुशल व्यक्तित्व की धनी थीं। ज्योतरादित्य सिंधिया जी व समस्त परिवार जनों को हमारी संवेदनाएं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। ॐ शान्ति ॐ शांति ॐ शांति। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और एमपी मुख्यमंत्री रहे कमलनाथ ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा कि स्वर्गीय माधव राव सिंधिया की धर्मपत्नी एवं ज्योतरादित्य सिंधिया की माता माधवी राजे सिंधिया जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। मैं शोक संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और सिंधिया परिवार को यह असीम दुख सहने की शक्ति देने के लिये ईश्वर से प्रार्थना करता हूं। भावपूर्ण श्रद्धांजली। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने लिखा कि भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री माननीय ज्योतरादित्य सिंधिया जी की पूज्य माता जी माधवी राजे सिंधिया जी के निधन का हृदय विदारक समाचार प्राप्त हुआ। मां जीवन का आधार होती हैं’ इनका जाना जीवन की अपूरणीय क्षति है। बाबा महाकाल से दिवंगत पुण्य आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान और परिजनों को यह गहन दुरूख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। एम पी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने केंद्रीय मंत्री के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि मुझे यह जानकर दुख हुआ कि ग्वालियर की सम्माननीय राजमाता माधवी राजे सिंधिया अब नहीं रहीं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें एवं सिंधिया जी और परिवार को इस वज्रपात को सहने की शक्ति दें। माधवी राजे के निधन पर प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन धार्मिक न्यास और धर्मस्व मंत्री धर्मेंद्र लोधी ने ट्वीट कर दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की पूजनीय माताजी माधवी राजे सिंधिया के निधन का दुखद समाचार मिला। परमात्मा से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को यह दुःख सहने की शक्ति दें। ॐ शांति शांति।
विदित हो कि माधवी राजे सिंधिया नेपाल के शाही परिवार की थीं। उनके दादा शमशेर जंग बहादुर नेपाल के प्रधानमंत्री रहे हैं। माधवी राजे सिंधिया को प्रिसेंस किरण राज्य लक्ष्मी देवी के नाम से भी जाना जाता था। उनकी शादी साल 1966 में ग्वालियर के महाराजा माधवराव सिंधिया से हुई थी। सिंधिया परिवार के करीबी अमर कुटे ने बताया कि माधवी राजे सिंधिया का अंतिम संस्कार संभवत: ग्वालियर में होगा। उनके अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू हो गई हैं। उनका अंतिम संस्कार कटोरा ताल के सामने स्थित सिंधिया राजवंश के समाधि परिसर अम्मा महाराज की छत्री पर होगा। यहां चबूतरा तैयार किया गया है। उनका अंतिम संस्कार पति स्वर्गीय माधवराव सिंधिया की छत्री से 50 मीटर की दूरी पर होगा।
