भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु आज लौटेंगे धरती पर
नई दिल्ली । भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला अन्य तीन साथी अंतरिक्ष यात्रियों के साथ सोमवार को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) से रवाना हुए। इस बात की पुष्टि एग्जिओम स्पेस ने की है कि एएक्स 4 मिशन में शामिल स्पेसएक्स का ड्रैगन अंतरिक्षयान भारतीय समय के अनुसार दोपहर बाद 4.35 बजे आईएसएस से अलग हो गया।एग्जिओम स्पेस ने बताया कि अब कई चरणों में अंतरिक्षयान के इंजन को चालू कर उसे आईएसएस से दूर ले जाया जाएगा। सेपरेशन के लगभग 22.5 घंटे बाद सभी यात्री अमेरिका के कैलिफोर्निया तट के पास समुद्र में उतरेंगे।
आईएसएस पर जाने वाले पहले भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला इस मिशन में पायलट के तौर पर शामिल हुए थे। अपने साथियों के साथ वहां उन्होंने कई अनुसंधान मिशनों को अंजाम दिया जिनमें इसरो द्वारा तैयार किए गए मिशन भी शामिल थे।मिशन की लॉन्चिंग 25 जून को हुई थी और मिशन 26 जून को आईएसएस पहुंचा था। इसके मंगलवार अपराह्न 3.01 बजे धरती पर वापस लौटने की उम्मीद है। ग्रुप कैप्टेन शुभांशु शुक्ला, राकेश शर्मा के 41 साल बाद अंतरिक्ष में जाने वाले दूसरे भारतीय हैं। भारतीय मूल की अमेरिकी नागरिक कल्पना चावला और सुनीत विलियम्स नासा के मिशनों में आईएसएस पर जा चुकी हैं।
इधर लखनऊ में शुभांशु शुक्ला के पिता शंभू दयाल शुक्ला और मां आशा शुक्ला बेसब्री से बेटे के लौटने का इंतजार कर रहे हैं। बातचीत में पिता ने कहा कि हम काफी उत्साहित हैं। बेटे के स्वागत के लिए तैयार हैं। यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि उनका मिशन पूरा हो गया है। सभी को उनके लौटने का इंतजार है। उन्होंने आगे कहा कि हम सुबह मंदिर गए। घर पर भी पूजा.अर्चना की। हमने भोलेनाथ से प्रार्थना की है कि वे हमें आशीर्वाद दें कि बेटा और उसके साथी पृथ्वी पर सुरक्षित उतरें। हमें उन पर बहुत गर्व है। हमने कभी नहीं सोचा था कि हमारा बेटा इतनी ऊंचाइयों को छुएगा। हमें लगता है कि हम भाग्यशाली हैं कि हमारे घर ऐसा बेटा पैदा हुआ जिसके नाम से हम लोग जाने जाते हैं।
