डूसू चुनाव में एबीवीपी का जलवा
अध्यक्ष समेत तीन पदों पर जीत
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डीयूएसयू) चुनावों में इस बार अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने अध्यक्ष समेत तीन पदों पर जीत हासिल की है। एबीवीपी ने अध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पद पर जीत हासिल कर एक बार फिर से इतिहास रचा है, जबकि एनएसयूआई को सिर्फ एक पद से ही संतोष करना पड़ा है।
डूसू अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के प्रत्याशी आर्यन मान ने 15 हजार से ज्यादा वोटों से जीत दर्ज की है और उन्हें कुल 28,841 मत मिले जबकि एनएसयूआई से अध्यक्ष पद की उम्मीदवार जोसलिन नंदिता चौधरी उर्फ जीतू चौधरी को 12645 मत मिले। अध्यक्ष पद पर कुल 9 उम्मीदवार थे। उपाध्यक्ष पद पर एनएसयूआई के राहुल झांसला ने जीत दर्ज की है। राहुल को 29339 मत प्राप्त हुये। उपाध्यक्ष पद पर कुल तीन प्रत्याशी.गोविंद तंवर, राहुल झांसला और सोहन कुमार थे। एबीवीपी के प्रत्याशी गोविंद तंवर को 20547 मत मिले, जबकि लेफ्ट संगठनों के संयुक्त उम्मीदवार सोहन कुमार को 4163 मत ही मिला। तीनों ही बौद्ध अध्ययन विभाग के छात्र हैं। सचिव पद पर एबीवीपी के कुनाल चौधरी ने जीत दर्ज की है। वह भी बौद्ध अध्ययन विभाग के छात्र हैं। कुनाल को कुल 23779 मत मिले जबकि एनएसयूआई के उम्मीदवार को 16177 और लेफ्ट प्रत्याशी को 9535 मत मिले।
संयुक्त सचिव पद पर एबीवीपी की दीपिका झा ने जीत दर्ज की है। वह भी बौद्ध अध्ययन विभाग की छात्रा हैं। उन्हें 21850 मत मिला। एनएसयूआई के प्रत्याशी को 17380 मत तो लेफ्ट संगठनों के संयुक्त उम्मीदवार को 8425 मत मिला। संयुक्त सचिव पद पर अभिषेक कुमार (हिंदू कॉलेज), अक्षिता (भगिनी निवेदिता कॉलेज), अमीलिया ऐन वर्गीस (समाजशास्त्र विभाग), दीपिका झा (बौद्ध अध्ययन विभाग) और लवकुश भड़ाना (जाकिर हुसैन दिल्ली कॉलेज) के बीच मुकाबला हुआ था।
