डीयू में एबीवीपी की प्रचंड जीत पर शाह, नड्डा ने दी बधाई

नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव में अध्यक्ष पद समेत तीन पदों पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के उम्मीदवारों की जीत पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत कई दिग्गज भाजपा नेताओं ने बधाई दी है।
ज्ञात रहे कि डीयू छात्रसंघ चुनाव में चार में से तीन पदों पर एबीवीपी ने जीत दर्ज की है जबकि एनएसयूआई के खाते में सिर्फ एक उपाध्यक्ष पद आया है। एबीवीपी से अध्यक्ष पद पर आर्यन मान,  सचिव पद पर कुणाल चौधरी,  संयुक्त पद पर दीपिका झा ने बाजी मारी, जबकि उपाध्यक्ष पद पर एनएसयूआई के राहुल झांसला विजयी रहे।
भाजपा के वरिष्ठ नेता व केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में एबीवीपी की शानदार जीत पर बधाई दी। उन्होंने अपने एक्स पोस्ट पर लिखा कि एबीवीपी की प्रचंड जीत पर परिषद के कार्यकर्ताओं को बधाई। यह जीत युवाओं की राष्ट्र प्रथम की विचारधारा में अटूट विश्वास का प्रतिबिंब है। इस विजय से परिषद की छात्र शक्ति को राष्ट्र शक्ति में परिवर्तित करने की यात्रा को और अधिक गति मिलेगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी एबीवीपी की जीत पर युवा साथियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर चलते हुए एबीवीपी ने सदैव युवाओं को राष्ट्रवाद और निस्वार्थ सेवा की भावना से प्रेरित किया है। यह जीत दर्शाती है कि युवा पीढ़ी राष्ट्र प्रथम के संदेश को अपना रही है जो भारत को एक उज्ज्वल और सुदृढ़ भविष्य की ओर ले जाएगा।
एबीवीपी की जीत पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक्स पर लिखा कि यह जीत सिर्फ एक संगठन की नहीं, बल्कि हर उस युवा की है जो राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, सेवा और संघर्ष को अपने जीवन का मार्ग मानता है। मुझे गर्व है कि मैंने भी दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ अध्यक्ष के रूप में यही संस्कार जिए और सीखे। उन्होंने आगे लिखा कि यह परिणाम दिखाता है कि दिल्ली का युवा ज्ञान शील और एकता के उस विचार और संघर्ष के पथ पर अडिग है जिसे एबीवीपी ने दशकों पहले स्थापित किया था। यही युवा शक्ति भविष्य में दिल्ली को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी और एक सशक्त, संस्कारित और आत्मविश्वासी राजधानी के रूप में विश्व पटल पर स्थापित करेगी।
सांसद मनोज तिवारी ने एक्स पर अपने बधाई संदेश में लिखा कि दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में 4 में से 3 पदों पर एबीवीपी उम्मीदवारों की शानदार जीत छात्र राजनीति में नई ऊर्जा और नई दिशा का प्रतीक है। यह केवल एक संगठन की नहीं, बल्कि राष्ट्रवाद और छात्र शक्ति की ऐतिहासिक विजय है। सभी विजयी उम्मीदवारों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं।
सांसद बांसुरी स्वराज ने एक्स पर अपने बधाई संदेश में लिखा कि एबीवीपी की ऐतिहासिक विजय पर हार्दिक बधाई। अध्यक्ष पद पर आर्यन मान,  सचिव पद पर कुणाल चौधरी और संयुक्त सचिव पद पर दीपिका झा की शानदार जीत युवाओं की राष्ट्रनिष्ठा और संगठनात्मक शक्ति का प्रतीक है। यह जीत केवल एक संगठन की सफलता नहीं है, बल्कि यह संदेश है कि नई पीढ़ी भी राष्ट्रवादी विचारधारा और राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ खड़ी है। यह परिणाम स्पष्ट करता है कि राष्ट्र प्रथम की विचारधारा ही छात्र शक्ति का पथप्रदर्शन कर रही है। अब परिषद की यह शक्ति राष्ट्र शक्ति में परिवर्तित होकर नवभारत निर्माण की गति को और अधिक सशक्त करेगी।
सांसद कमलजीत सहरावत ने अपने बधाई संदेश में लिखा कि दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में एबीवीपी उम्मीदवारों की ऐतिहासिक एवं प्रचंड विजय पर परिषद के सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं को हृदय से बधाई एवं शुभकामनाएं। यह जीत युवाओं के भीतर राष्ट्र प्रथम की विचारधारा में अटूट विश्वास का प्रतीक है। इस ऐतिहासिक विजय से परिषद की छात्र शक्ति को राष्ट्र शक्ति में परिवर्तित करने की यात्रा और अधिक गति प्राप्त करेगी।
एबीवीपी ने अपने उम्मीदवारों की जीत पर एक्स पर दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में 3 सीटों पर ऐतिहासिक जीत की बधाई देते हुए लिखा. “‘दुनिया ने देखा दम डूसू जीत गए हैं हम”! एबीवीपी पर विश्वास व्यक्त करने के लिए समस्त छात्रशक्ति का हार्दिक आभार।

Leave A Reply

Your email address will not be published.