आजमगढ में मौर्या ने अखिलेश को लिया निशाने पर
आजमगढ़। आजमगढ़ जिले में चुनावी जनसभा को संबोधित करने पहुंचे प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव के संसदीय क्षेत्र में उन पर जमकर निशाना साधा। डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने कहा कि इस बार हम जिले में चुनाव प्रचार प्रत्याशियों को जिताने के लिए नहीं बल्कि विरोधियों की जमानत जब्त कराने के लिए आ रहे हैं।
जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार आप लोग यहां से कमल खिला दीजिए। छठवें चरण के हो रहे मतदान के लिए केशव मौर्य ने कहा कि छठवें चरण के चुनाव में भाजपा का छक्का लग रहा है। 2017 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता ने आकाश में बैठे अखिलेश यादव को पाताल में भेजने का काम किया है। डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने कहा कि 2017 के विधानसभा चुनाव में यहां से आप लोगों ने भाजपा को सीटें नहीं दी। इस पर भी भाजपा ने यहां की जनता के साथ भेदभाव करने का काम नहीं किया है। बिजली से लेकर केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा चलाई गईं योजनाओं का लाभ सभी को मिला है। मैं यहा की जनता से अपील करने आया हूं कि विकास के लिए लक्ष्मी चाहिए। लक्ष्मी न तो साइकिल से आएंगी और न ही हाथी के साथ न पंजे के साथ लक्ष्मी जी कमल के फूल पर ही आएंगी।
जनता से संवाद करते हुए कहा कि 2022 में आप लोग यहां से विधायक बनाइए और 2024 में यहां से भाजपा का सांसद भी बनेगा। डबल इंजन की सरकार ने दिन.रात काम करने का काम किया है। हम लगातार सपा के गढ़ को भेद रहे हैं, इससे पहले बदायूं और कन्नौज को हम भेद चुके हैं। प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि हमारी सरकार भगवान राम का भव्य मंदिर बनवा रही है तो गरीबों के घरों में शौचालय और मकान बनाने का काम किया जा रहा है। गरीबों के जीवन में खुशियां लाने के लिए हम लगातार काम कर रहे हैं। पूर्व की सपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा की सरकार ने केंद्र की योजनाओं को जनता तक नहीं आने दिया। 2017 में इस बार का चुनाव साधारण चुनाव नहीं है। सभी की नजर यूपी पर है।
