यूपी : आखिरी चरण के मतदान को लेकर सभी दलों ने ताकत झोंकी
पीएम मोदी, मायावती समेत कई नेताओं ने काशी में डाला डेरा
वाराणसी। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव अपने अंतिम चरण में प्रवेश कर गया है। अब आखिरी चरण की 54 सीटों के लिए संघर्ष भी शुरू हो गया है। सत्ता की लड़ाई पूर्वांचल पहुंच चुकी है और जो आखिरी चरण में बाजी मारेगा सत्ता के सिंहासन पर वही विराजमान होगा। आखिरी चरण का मतदान मितना महत्वपूर्ण होगा इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पीएम मोदी, कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी, बसपा चीफ मायावती, सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत तमाम दिग्गज काशी में जुट चुके हैं। सभी दलों ने अब यहां अपनी ताकत झोंक दी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अब पूरी तरह से बनारस जोन पर फोकस कर रहे हैं। 2 मार्च से ही इसी इलाके में हैं। और 4 मार्च तक यहां रैली करेंगे। पीएम अकेले पूर्वांचल की 37 सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों के लिए सीधे वोट मांगेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने वाराणसी हवाई अड्डे पर यूक्रेन से लौटकर आए वाराणसी समेत पूर्वांचल के अलग-अलग जिलों के 15 छात्र-छात्राओं से मुलाकात भी की है। मोदी ने गुरुवार को जौनपुर और चंदौली में रैली की। बुधवार को सोनभद्र और गाजीपुर में रैली की थी। शुक्रवार को मिर्जापुर में रैली और बनारस में रोड शो करेंगे।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा बुधवार शाम को ही वाराणसी आ गईं थीं। गुरुवार को प्रियंका गांधी ने कबीरचौरा मठ के साथ ही कबीरचौरा की गलियों में भ्रमण किया। इसके बाद बनारस घराने के कलाकारों से मुलाकात की। प्रियंका गांधी 5 मार्च तक कबीरचौरा मठ में ही प्रवास करेंगी। 4 मार्च को राहुल गांधी और प्रियंका गांधी फूलपुर में जनसभा को संबोधित करेंगे। वहीं बसपा सुप्रीमो मायावती वैसे तो इस चुनाव में बहुत रैलियां नहीं कर रही हैं, लेकिन आखिरी फेज के लिए वह भी काशी पहुंची हैं। उन्होंने गुरुवार को संदहा में कहा कि यूपी के मौजूदा मुख्यमंत्री को सिर्फ मुस्लिम, दलित और ब्राह्मण ही गुंडे-माफिया नजर आते हैं। योगी आदित्यनाथ मुस्लिम, दलित और ब्राह्मण के ही घर और संपत्ति को उजाड़ते हैं। एक वर्ग पर योगी आदित्यनाथ की नहीं चलती है और उन्हें संरक्षण दिया जाता है। उन्होंने कहा कि बसपा की सरकार आएगी तो उस खास वर्ग के माफियाओं के घरों पर बुलडोजर चलेंगे।
अखिलेश यादव लगातार दो दिनों से वाराणसी में जोन में ही डेरा जमाए हुए हैं। गुरुवार को उन्होंने बनारस में रैली की। उनके साथ मंच पर सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर, रालोद प्रमुख जयंत चौधरी और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री बनर्जी भी थीं। अखिलेश ने कहा कि. ममता जी के यहां आते ही ना केवल बीजेपी हारेगी सातवें चरण में जब वोट पड़ेगा तब बीजेपी का सफाया हो जाएगा। । 4 मार्च को वह मुलायम सिंह यादव को लेकर जौनपुर में रैली करेंगे ।
