बम धमाकों से दहला लखीसराय

पटना। बिहार के लखीसराय में बम धमाका होन से तीन बच्चे समेत सात लोग जख्मी हो गए। सभी को सदर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
बताया जा रहा है कि बम से बच्चे खेल रहे थे, तभी पहले एक बम फटा, फिर चंद पल में दो और बम धमाके हुए। वहां मौजूद 7 लोग इसकी चपेट में आ गए। उनकी हालत गंभीर है। इसमें तीन बच्चे, एक लड़की, दो महिला और एक पुरुष शामिल हैं। ब्लास्ट इतना जबरदस्त था कि 10 मीटर दूर ईंट की दीवार भी ढह गई। धरती के कंपन से इलाके में सनसनी फैल गई।आनन.फानन में सभी को लखीसराय सदर अस्पताल में भर्ती करवाया गया। एक बच्चे (सोनू कुमार) और महिला (सुंदरी देवी) की हालत गंभीर है। पूरा मामला पिपरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत वलिपुर गांव का है।

  इधर, घटना की सूचना मिलते ही एसपी और एसडीपीओ दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच में जुट गए। एसपी सुशील कुमार ने बताया कि रस्सी से बांधा गया देसी बम था। जानकारी मिली है कि वलीपुर गांव के शंकर रजक के नव निर्माणाधीन मकान में तीन बम एक झोले में ईंट के नीचे रखे हुए थे। सोमवार करीब सुबह 10 बजे बच्चे खेलते-खेलते वहां पहुंचे और झोले को उठा लिया। बम निकालकर उससे खेलने लगे कि अचानक धमाका हुआ। एसपी ने बताया कि बम यहां किसने और किस उद्देश्य से रखा इसकी पड़ताल की जा रही है। कुछ लोगों से पूछताछ भी चल रही है।
घायलों की पहचान वलीपुर निवासी मुकेश रजक का पुत्र दिलखुश कुमार (8), शंकर रजक की पत्नी मंजू देवी (55) और पुत्री अनीता कुमारी (18), दिलीप रजक की पत्नी सुंदरी देवी (30), उत्तम रजक की पत्नी मनी देवी (60), दिनेश रजक का पुत्र बबलू कुमार (10) और सोनू कुमार (12) गंभीर रूप से घायल हो गए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.