भाजपा 24 कैरेट सोना है : राजनाथ
रीवा। मध्य प्रदेश में सतना के नागौद के अगोल मैदान में गुरुवार को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा 24 कैरेट सोना है। हम जो कहते हैं, वो करते हैं। हम भारत को विश्व की अर्थशक्ति बनाएंगे। कांग्रेस की स्थिति तो जंग लगा लोहा जैसी स्थिति हो गई है। कांग्रेस के लोगों को थोड़ी तो हया होनी चाहिए। भारत एयरस्ट्राइक करता है तो ये हमसे प्रमाण मांगते हैं। कांग्रेस वाले हिन्दू.मुसलमान कर पीएम को बदनाम करने की कोशिश करते हैं।
इससे पहले राजनाथ सिंह रीवा में थे। उन्होंने मऊगंज जिले के शिवनगरी देवतालाब में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा की हमने तीन तलाक के मुद्दे की प्रथा समाप्त की है। हम नारी शक्ति को हिंदुस्तान की धरती पर अपमानित नही होने देंगे। चाहे सत्ता आए चाहे सत्ता जाए। भारत की प्रतिष्ठा अगर दुनिया में किसी ने बढ़ाई है तो वह पीएम मोदी है। उन्होंने कहा कि पहले भारत की अर्थव्यवस्था 11वें स्थान पर थी, लेकिन अब 5वें स्थान पर है। अब 2025 समाप्त होते-होते भारत दुनिया में टॉप 3 के रूप खड़ा हो चुका है। 2047 आते-आते भारत विश्वगुरु भी बनेगा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मैं भी एक किसान का बेटा हूं कोई बाबू या राजा महाराजा का बेटा नहीं हूं। किसानों के लिए सवा लाख करोड़ खर्च करके लगभग 400 से अधिक ऐसे अनाज भंडार गृह बनाने जा रही हैं ताकि किसान वहां पर अपने अनाज का भंडारण कर सकें और जब अनाज के दाम बढ़ें तो किसान उसे अच्छी आमदनी में बेच सकें जिससे उन्हें अच्छा मुनाफा हो सके। रक्षा मंत्री ने कहा कि अयोध्या धरती में आज भव्य राम मंदिर बनकर तैयार है, मर्यादा पुरुषोत्तम राम झोपड़ी से निकलकर अपने महल में स्थापित हो चुके हैं। इससे तो मुझे लगता है अब राम राज्य आने का यह शुभ संकेत है।
