अक्षय कांति बम ने दिया कांग्रेस को झटका

नॉमिनेशन वापस लेकर भाजपा का दामन थामा

इंदौर। यह बात सही है कि चुनावी हवा रातों- रात बदलती है और ऐसे में यह तय कर पाना मुश्किल हो जाता है कौन किसपर भारी पड रहा है। कब कौन नेता पाला बदल ले यह भी आकलन करना कठिन हो जाता है। इंदौर में भी ऐसी हवा चली कि लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी अक्षय कांति बम ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। ऐसे में कांग्रेस के पास इंदौर में कोई उम्मीदवार नहीं बचा है। बीजेपी विधायक रमेश मेंदोला के साथ कांग्रेस उम्मीदवार अक्षय कांति बम ने नॉमिनेशन जाकर वापस लिया है। यह कांग्रेस के लिए बड़ा झटका है। बीजेपी ने इंदौर से शंकर लालवानी को उम्मीदवार बनाया है। कांति बम को कांग्रेस ने पहली बार उम्मीदवार बनाया था। नॉमिनेशन दाखिल करने के बाद अक्षय कांति बम लगातार चुनाव प्रचार कर रहे थे लेकिन आज उन्होंने नॉमिनेशन वापस लेकर कांग्रेस को एक जोरदार झटका दे डाला।
जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष सिंह ने कहा कि इंदौर से कांग्रेस के लोकसभा उम्मीदवार अक्षय कांति बम ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। विधायक रमेश मेंदोला ने मीडिया से कहा कि अक्षय बम ख़ुशी- ख़ुशी भाजपा में आए। उनका कांग्रेस में रहकर दम घुट रहा था। अक्षय कांति बम भाजपा कार्यालय पहुंचे। यहां उपमुख्‍यमंत्री जगदीश देवड़ा और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की मौजूदगी में उनका स्‍वागत किया गया। अक्षय बम के नाम वापसी के बाद से कांग्रेस कार्यालय में सन्‍नाटा पसर गया है। बताया जाता है कि इंदौर विधानसभा 4 से चुनाव लड़े कांग्रेस प्रत्‍याशी राजा मांधवानी ने भी अक्षय के साथ भाजपा का दामन थाम लिया। मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव और पूर्व सीएम श‍िवराज सिंह चौहान ने अक्षय बम का पार्टी में स्‍वागत किया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.