कोयला तस्करी में अभिषेक को भी जेल जाना पड़ेगा : अरुण सिंह

कोलकाता । पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी के दिग्गज नेता अरुण सिंह ने अभिषेक बनर्जी ने ममता सरकार के खिलाफ जमकर हमला बोला। बीजेपी महासचिव ने कहा कि राज्य में कोयला माफिया का बोलबाला है। दीदी व भाइपो के इशारे पर राज्य में कोयला तस्करी चरम पर पहुंच गयी है। कोयला तस्करी में दीदी के भतीजे अभिषेक बनर्जी को भी जेल जाना पड़ेगा।
महासचिव व राज्यसभा सांसद अरुण सिंह ने गुरुवार को बांकुडा तामलीबांध मैदान में परिवर्तन यात्रा के दौरान जनसभा को संबोधित कर रहे थे। श्री सिंह ने कहा कि परिवर्तन यात्रा भ्रष्टाचार व कुशासन के खिलाफ लड़ाई है। किसानों की दुर्दशा के खिलाफ जंग है। बेरोजगारी व तुष्टीकरण के खिलाफ धर्मयुद्ध है। राज्य में भाजपा की सरकार बन कर रहेगी।
श्री सिंह ने कहा कि बीजेपी की सरकार बनने के बाद राज्य के किसानों के खाते में सीधे रुपये जायेंगे। बंगाल में भी आयुष्मान योजना लागू होगी। श्री सिंह के मुताबिक चार माह बाद ममता बनर्जी के गुंडे या तो प्रदेश से बाहर होंगे या जेल जायेंगे। गुंडों की सूची बनायी जा रही है। सबको उनके सही मुकाम पर पहुंचाया जायेगा। यूपी की तरह बंगाल में भी तीन चौथाई बहुमत से भाजपा सरकार बनेगी। राज्य के विकास के लिए भाजपा के डबल इंजन की सरकार जरूरी है। इस मौके पर प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष माफ़िजा खातून ने कहा कि पीके की पर्ची के आधार पर वहां काम हो रहा है। डनलप मैदान में ममता बनर्जी की जनसभा फ्लॉप रही है।
