दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुआ हमला

कई पार्टी नेताओं ने इस घटना की निंदा की

नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार को जनसुनवाई के दौरान एक शख्स ने हमला कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना के समय मुख्यमंत्री गुप्ता आम लोगों की शिकायतें सुन रहीं थीं। एक शख्स भी अपनी शिकायत लेकर वहां पहुंचा और उसने श्रीमती गुप्ता पर हमला कर दिया। उसके इस हमले की वजह का फिलहाल पता नहीं चला है। पुलिस हमलावर शख्स को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुआ हमला बेहद निंदनीय है। लोकतंत्र में असहमति और विरोध की जगह होती है, लेकिन हिंसा के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि दिल्ली पुलिस दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करेगी। वहीं
दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा और भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुए हमले की निंदा की है। उन्होंने कहा कि राजनीति में इस तरह की घटनाएँ बेहद निंदनीय हैं। ऐसे हमले किसी भी लोकतांत्रिक परंपरा के खिलाफ हैं। श्री मिश्रा ने एक बयान में कहा कि मुख्यमंत्री गुप्ता पर  हमला अक्षम्य अपराध है। एक महिला एक बेटी जो रात दिन केवल दिल्ली की सेवा में लगी है उन पर हमला करने वाले और करवाने वाले कायर है और अपराधी दोनों है। ऐसे अपराधियों की हिम्मत नहीं कि वो तर्क और तथ्यों के आधार पर बात कर सकें।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने बुधवार को जनसुनवाई के दौरान प्रदेश की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुए हमले की निंदा की। श्री यादव ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इस तरह की घटनाओं की जितनी निंदा की जाए कम है। इस घटना ने महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को उजागर कर दिया है। अगर दिल्ली की मुख्यमंत्री ही सुरक्षित नहीं हैं तो किसी आम पुरुष या महिला सुरक्षित कैसे हो सकते हैं।
दिल्ली कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. नरेश कुमार ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुए हमले की निंदा करते हुए कहा है कि यह केवल एक व्यक्ति पर हमला नहींए बल्कि पूरे लोकतांत्रिक तंत्र पर प्रहार है। डॉ. कुमार ने संवाददाताओं से बात करते हुए कहा कि लोकतंत्र की ताकत विचारों के आदान-प्रदान और मतभेद की सहिष्णुता में हैए लेकिन हिंसा के लिए इसमें कोई स्थान नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा हिंसा के विरुद्ध और लोकतांत्रिक संवाद के पक्ष में खड़ी रही है। इस घटन ने यह स्पष्ट कर दिया है कि सत्ता में बैठे लोगों को कानून.व्यवस्था को मजबूत करने और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाने होंगे।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार को जनसुनवाई के दौरान हुए हमले पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने आक्रोश जताते हुए इसकी कड़ी निंदा की है। पार्टी की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि ऐसी घटना लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला है और इन्हें किसी भी कीमत बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए। रांकापा के राष्ट्रीय महासचिव एवं दिल्ली प्रभारी बृजमोहन श्रीवास्तव ने कहा कि इस तरह के हमले स्वस्थ लोकतंत्र के लिए हानिकारक हैं। उन्होंने इस मामले में गहन पुलिस जांच की मांग की है ताकि सच्चाई जनता के सामने आ सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.