सार्वजनिक सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं : रेखा

नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सत्य निकेतन में हुए हादसे के बाद सख्त और व्यापक कार्रवाई के सोमवार को निर्देश दिये।
श्रीमती गुप्ता ने कहा कि वह राहत, बचाव और सुरक्षा उपायों की लगातार निगरानी कर रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि दिल्ली सरकार इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है और सार्वजनिक सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि घटना के बाद दिल्ली नगर निगम के दक्षिण जोन के उपायुक्त, कार्यकारी अभियंता, अधीक्षण अभियंता, सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं, संबंधित भवन के मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मामले में दोषी या जिम्मेदार पाये जाने वाले व्यक्ति को बख्शा नहीं जायेगा। दिल्लीभर में अनधिकृत पांचवीं मंजिल वाले भवनों को तत्काल सील करने के आदेश दिये गये हैं। इसके अलावा आसपास के पीजी और अन्य भवनों का भी गहन निरीक्षण किया जा रहा है। जांच के दौरान सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित भवन को तत्काल सील करने समेत सख्त कार्रवाई की जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सार्वजनिक गतिविधियों के लिए इस्तेमाल होने वाली इमारतों में नियमित संरचनात्मक ऑडिट और भवन सुरक्षा प्रमाणपत्र अनिवार्य करने के लिए नीति लायी जायेगी। इसमें पीजी, नर्सिंग होम, स्कूल और अन्य संस्थान शामिल होंगे। सुरक्षा प्रमाणित होने तक ऐसे भवनों में किसी भी सार्वजनिक गतिविधि की अनुमति नहीं दी जायेगी। हर स्तर पर जिम्मेदारी तय की जायेगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई में कोई ढिलाई नहीं बरती जायेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.