प्रदूषण से निपटने को जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान

नई दिल्ली। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने एनसीआर में वायु प्रदूषण से निपटने के लिए स्थानीय निकायों और आम लोगों की भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया है। श्री यादव ने सोमवार को एनसीआर के 63 शहरों के महापौरों और स्थानीय निकायों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित संवाद में यह बात कही। इस दौरान प्रतिनिधियों ने स्वच्छ हवा के लिए शपथ भी ली। मंत्रालय की ओर से स्थानीय निकाय प्रतिनिधियों के साथ वायु प्रदूषण पर यह पहला बड़े स्तर का संवाद था।
उन्होंने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए वैज्ञानिक और आंकड़ों पर आधारित उपायों को जमीनी स्तर तक पहुंचाना जरूरी है और जनप्रतिनिधियों को इसमें नेतृत्वकारी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने स्थानीय निकायों से कचरा प्रबंधन नियमों को प्रभावी ढंग से लागू करने, सड़कों के किनारे सूखा.रोधी घास लगाने और धूल प्रदूषण कम करने के उपाय करने को कहा। श्री यादव ने प्लास्टिक के इस्तेमाल और जैविक कचरा जलाने पर रोक लगाने तथा मानकों का पालन नहीं करने वाले उद्योगों और वाहनों से होने वाले प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए भी जनभागीदारी बढ़ाने का आग्रह किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.