सिमडेगा के पूर्व विधायक नियेल तिर्की का निधन

झारखंड के सिमडेगा के पूर्व विधायक नियेल तिर्की का बुधवार को दिन में 11 बजे के करीब रांची के रिम्स ट्रामा सेंटर में निधन हो गया। इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। पूर्व विधायक के निधन को सिमडेगा जिले और झारखंड के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है। नियेल तिर्की के निधन की पुष्टि उनके पुत्र विशाल तिर्की ने की है।
उनके निधन पर झारखंड कांग्रेस के कई नेताओं ने शोक जताया है। नियेल तिर्की सिमडेगा सीट से 2005 में कांग्रेस के टिकट पर विधायक चुने गए थे। उन्होंने भाजपा के निर्मल कुमार बेसरा को 9111 वोटों से हराया था। पार्टी ने उन्हें 2009 में एक बार फिर मैदान में उतारा था लेकिन इस बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। भाजपा की विमला प्रधान ने उन्हें 1113 वोटों से शिकस्त दे दी थी।
2009 के ही लोकसभा चुनाव में नियेल तिर्की को कांग्रेस ने खूंटी लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया लेकिन वह चुनाव भी तिर्की हार गए। 2014 के चुनाव में खूंटी से कालीचरण मुंडा को टिकट दिए जाने से नाराज तिर्की ने पार्टी छोड़ दी थी। उन्होंने आजसू के टिकट पर खूंटी से चुनाव लड़ा लेकिन हार का सामना करना पड़ा।
