लॉकडाउन सुनते ही शराब की दुकानों पर भीड़

नई दिल्ली। दिल्ली में आगामी 26 अप्रैल तक लॉकडाउन के एलान के बाद शहर की शराब की दुकानों पर भारी भीड़ देखी जा रही है। दरअसलए बुधवार 21 अप्रैल को रामनवमी के चलते दिल्ली में ड्राइ डे है और फिर लॉकडाउन के कारण शराब की दुकानें बंद रहेंगीं। ऐसे में सोमवार दोपहर में जैसे ही सीएम अरविंद केजरीवाल ने लॉकडाउन का एलान किया तो दिल्ली में शराब की दुकानों के बाहर जगह-जगह लंबी कतारें लग गई। दिल्ली के लाजपतनगर, लक्ष्मी नगर, जहांगीरपुरी समेत तमाम इलाकों में शराब की दुकानों पर बेतहाशा भीड़ नजर आयी। इस दौरान लाइन में लगने वाले शारीरिक दूरी के नियमों का जहां उल्लंघन करते नजर आए वहीं एक दूसरे से आगे निकलने की होड में धक्का-मुक्की तक करते नजर आए। कई दुकानों पर तो कतारों में खडे लोग एक दूसरे से लडते नजर आए। चिलचिलाती धूप की भी इनपर कोई प्रभाव पडता नजर नही आया। दुकानों के आगे मोटर साइकिल, कार, स्कूटी आदि इस कदर खडे कर दिए गए जिससे आम वाहन चालकों को भी सडक से गुजरने में परेशानियों का सामना करना पडा। लोगों में ललक थी अधिक से अधिक शराब को इकठ्ठा कर लिया जाए ताकि बंद के दौरान इसका आराम से मजा लिया जा सके।
