नहीं रहे वरिष्ठ पत्रकार सुकांत नागार्जुन
पटना। बिहार के जाने माने पत्रकार सुकान्त नागार्जुन अब हमारे बीच नहीं रहे। पटना के राजीव नगर इलाके में रह रहे सुकांत ने दोपहर 2 बजे अंतिम सांस ली। वह देश के कई राज्यों के अखबार में काम कर चुके थे। पटना से निकलने वाले नवभारत टाइम्स में बतौर ब्यूरो चीफ भी काम कर चुके थे।
दिवंगत सुकान्त नागार्जुन के साथ काम करने वाले वरिष्ठ पत्रकार प्रवीण बागी ने बताया कि दो साल पहले उन्होंने कैंसर को हरा दिया था। कैंसर से पीड़ित सुकान्त नागार्जुन का ऑपरेशन किया गया था इसके बाद उन्होंने अपने दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ कैंसर को मात दी थी। प्रवीण बागी ने यह भी बताया कि सुकांत कुछ दिन पहले ही कोरोना संक्रमित भी हो गए थे लेकिन उन्होंने जिस तरह कैंसर को पटखनी दी थी उसी तरह कोरोना वायरस को भी अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और सकारात्मक सोच की वजह से मात दी थी। घर में रहकर ही सुकांत नागार्जुन ने कोरोना वायरस को हरा दिया था। संक्रमण के करीब 15 दिन बाद जब टेस्ट कराया तो उनकी रिपोर्ट कोरोना नेगेटिव आई थी, लेकिन कोरोना नेगेटिव होने के दो-तीन दिन बाद से ही उनका ऑक्सिजन लेवल घटने लगा था। शुक्रवार को सुकान्त का ऑक्सीजन लेवल 90 से नीचे आ गया था। इसकी वजह से उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी की जा रही थी लेकिन अस्पताल ले जाने से पहले ही वे सभी को छोड़कर चले गए।
