पूर्व जनप्रतिनिधि की गोली मारकर हत्‍या

डुमरिया (गया)। गया जिले के अति नक्सल प्रभावित क्षेत्र डुमरिया के छकरबंधा थाना के महुलीनिया निवासी छोटू पासवान की अज्ञात अपराधियों ने रविवार सुबह गोली मारकर हत्‍या कर दी। छोटू पासवान पूर्व पंचायत समिति सदस्य थे। इस घटना से आक्रोशित लोगों ने गया-इमामगंज मुख्य मार्ग को जाम कर दिया है। लोग अपराधियो की गिरफ्तारी,  मृतक के परिवार के सदस्‍य को सरकारी नौकरी और दस लाख रुपये मुआवजा दिए जाने की मांग कर रहे थे। सड़क जाम रहने से आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया।
बताया जाता है कि पूर्व पंचायत स‍मिति सदस्‍य छोटू पासवान सुबह में अपने तालाब के पास टहल रहे थे। उसी समय एक मोटरसाइकिल पर तीन लोग आए। पास आते ही उनके सिर में गोली मार दी और फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर स्‍वजन व ग्रामीण दौड़े। खून से लथपथ छोटू पासवान को इमामगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां चिकितसकों ने छोटू पासवान को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद लोगों का आक्रोश भड़क उठा। उनलोगों ने सड़क जाम कर दिया।
इस घटना के कारण का फिलहाल पता नहीं चल सका है। कुछ लोग इसे राजनीतिक रंजिश से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि जिस तरह से हत्‍या की गई है लगता है कि अपराधियों ने पूरी साजिश के तहत इस घटना को अंजाम दिया है। पुलिस जांच.पड़ताल में लगी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.