कोविड से अनाथ बच्चों को सरकार देगी 1500 रुपये प्रति माह

पटना। बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने रविवार 30 मई को बड़ी घोषणा की है। उन्होंने ट्वीट कर कोविड के कारण अनाथ हुए बच्चों के लिए बाल सहायता योजना की घोषणा की है। कोरोना काल में माता-पिता यानी दोनों अभिभावकों को गंवाने वाले बच्चे.बच्चियों को राज्य सरकार प्रति माह डेढ़ हजार रुपये देगी। बाल सहायता योजना के अंतर्गत 18 वर्ष की उम्र तक उन्हें यह आर्थिक मदद मिलती रहेगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। योजना में यह भी प्रविधान है कि माता-पिता में से किसी एक को गंवाने वाले नाबालिग भी इस आर्थिक सहायता के हकदार होंगे। मुख्यमंत्री ने अपने ट्वीट में बताया है कि अनाथ हुई बच्चियों का कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में प्राथमिकता पर नामांकन कराया जाएगा। जिन अनाथ बच्चे-बच्चियों के अभिभावक नहीं है उनकी देखरेख बालगृह में कराई जाएगी।
कोरोना काल में अनाथ हुए बच्चे-बच्चियों को पूर्व में समाज कल्याण विभाग ने परवरिश योजना से जोड़ा था। इस योजना के तहत प्रति माह एक हजार रुपये दिए जाने का प्रविधान है। अब तक ऐसे 43 बच्चों को चिह्नित किया गया था। समाज कल्याण विभाग से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार अब इन बच्चों के नाम बाल सहायता योजना से जोड़ दिए जाएंगे। परवरिश योजना से इनके नाम हटा दिए जाएंगे। समाज कल्याण विभाग के संबंधित अधिकारी ने बताया कि जिन बच्चों को इस योजना का लाभ दिया जाना है उनके नाम से बैक खाता खुलेगा। इसकी प्रक्रिया भी आरंभ किए जाने का निर्देश दे दिया गया है। बच्चों के बैक खाते में योजना के तहत मिलने वाली राशि स्थानांतरित की जाएगी। कैबिनेट की मंजूरी मिलते ही योजना का मामला आगे बढ़ेगा। अगर एक परिवार में एक से अधिक बच्चे अनाथ होते हैं तो उनमें सभी को बाल सहायता योजना का लाभ मिलेगा। स्थानीय स्तर पर इसका सत्यापन भी कराया जाएगा। पूर्व से जिन बच्चों के माता या पिता दोनों में से किसी एक की मौत हो चुकी है व कोरोना काल में उनकी भी मौत हो गई जो बचे थे ऐसे अनाथ बच्चों को प्रति माह डेढ़ हजार रुपये मिलेंगे। यह मदद 18 वर्ष की उम्र तक दी जाएगी। समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कोरोना काल में अनाथ हुए बच्चों के लिए केंद्र सरकार ने भी अपनी योजना की घोषणा की है। राज्य सरकार की योजना का लाभ जिन अनाथ हुए बच्चे.बच्चियों को मिलेगा उन्हें केंद्र सरकार की योजना का भी लाभ मिलेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.