झारखंड : शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो अस्पताल में भर्ती
रांची। झारखंड के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो की तबीयत एक बार फिर बिगड़ गई। उन्हें रांची के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में इलाज कर रहे डॉक्टरों के मुताबिक मंत्री को माइल्ड वोमिटिंग (हल्की उल्टी) की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उन्हें ऑब्जर्वेशन पर रखा गया है। उनकी स्थिति में सुधार हो रही है। एक.दो दिन भर्ती रखने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी। झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस ने शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो की तबीयत बिगड़ने पर चिंता प्रकट करते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
विदित हो कि पिछले साल कोरोना महामारी के दौरान शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो संक्रमित हो गए थे। इसके बाद 28 सितंबर को उन्हें रिम्स में भर्ती कराया गया था। फेफड़े में संक्रमण के पाये जाने के बाद उन्हें रिम्स से मेडिका में भर्ती कराया गया था। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए झारखंड सरकार की तरफ से उन्हें चेन्नई भेजा गया था। चेन्नई के एमजीएम अस्पताल में उनका काफी लंबे समय तक इलाज चला। लंग्स ट्रांसप्लांट किया गया। करीब आठ माह तक बीमारी से मुकाबला करने के बाद चिकित्सकों की ओर से उन्हें स्वस्थ घोषित कर दिया गया। इसके बाद वे इसी साल 14 जून को चेन्नई से रांची लौटे थे।
