बलवीर बने श्री बाघंबरी गद्दी के नए महंत
प्रयागराज। बलवीर पुरी प्रयगराज की बाघंबरी गद्दी मठ के नए महंत बन गए हैं। पूरे देश से आए पंच परमेश्वर और कई अखाड़ों के महामंडलेश्वरों ने उन्हें चादर ओढ़ाई और तिलक कर आशीर्वाद दिया। महंत बलवीर को बाघंबरी गद्दी के साथ ही लेटे हनुमान मंदिर की जिम्मेदारी भी मिल गई है। चादर विधि संपन्न होने के बाद बलवीर पुरी सबसे पहले अपने गुरु नरेंद्र गिरि की समाधि पर गए और उनका आशीर्वाद लिया।
बलवीर के महंत बनने के बाद निरंजनी अखाड़े के सचिव रवींद्र पुरी ने कहा कि महंत नरेंद्र गिरि की मौत को ज्यादा तूल न दिया जाए। अभी तक जांच में यह साबित हो गया है कि नरेंद्र गिरि ने आत्माहत्या की है। अब नए महंत बलवीर पुरी महाराज हैं तो उन्हें अपना समर्थन और आशीर्वाद दें। उन्होंने कहा कि आज से यह मठ बलवीर पुरी के हवाले है। मुझे उम्मीद है कि वे मठ की गरिमा और वैभव को बनाए रखेंगे। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि की इच्छा थी कि उनकी षोडशी के दिन यानी आज बलवीर पुरी को बाघंबरी गद्दी मठ का नया महंत बनाया जाए। इसी वजह से उनकी मौत के ठीक 10 दिन बाद बिल्केश्वर महादेव मंदिर के महंत बलवीर पुरी को बाघंबरी गद्दी का महंत घोषित किया गया। यह घोषणा हरिद्वार में 30 अगस्त को हुई पंच परमेश्वर की बैठक में की गई थी। तय किया गया था कि 5 अक्टूबर को नरेंद्र गिरि की षोडशी के दिन उनकी चादर विधि होगी।
अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज और सचिव रवींद्र पुरी की मौजूदगी में चादर विधि कार्यक्रम हुआ। श्री निरंजनी अखाड़े के सचिव रवींद्र पुरी ने बताया कि जब किसी अखाड़े का नया उत्तराधिकारी घोषित किया जाता है तो उसे चादर विधि से महंत बनाया जाता है। हमारे अखाड़ों की यही परंपरा रही है। जिस दिन अखाड़े के महंत की षोडशी होती है उसी दिन नए महंत की चादर विधि भी करते हैं। नरेंद्र गिरि की मौत के बाद से ही उत्तराधिकार को लेकर तमाम कयास बाजी चल रही थीं। उन्होंने अपने वसीयतनामा में बलबीर पुरी को अपना उत्तराधिकारी घोषित किया था। हालांकि यह वसीयत तीन बार उन्होंने बदली थी। पहले नरेंद्र गिरि ने बलवीर पुरी को 2010 में अपना उत्तराधिकारी घोषित किया था। 2011 में आनंद गिरि को अपना उत्तराधिकारी घोषित कर दिया। बीते साल आनंद गिरि से विवाद होने के बाद उन्होंने 2 जून 2020 को बलबीर पुरी को अपना उत्तराधिकारी घोषित किया।
