दिल्ली में मौनसून की दस्तक से लोगों को राहत
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में गुरूवार सुबह हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज होने के साथ ही मॉनसून की शुरुआत भी हो गई। दक्षिण दिल्ली के कुछ हिस्सों ईस्ट ऑफ कैलाश, उत्तर.पश्चिम में बुराड़ी, पूर्वी दिल्ली में शाहदरा, पटपड़गंज और मध्य दिल्ली में आईटीओ क्रॉसिंग तथा इंडिया गेट आदि में बारिश हुई। वहीं बारिश के कारण कई जगह पर जलभराव होने से लोगों को जाम का सामना करना पड़ा। तेज रफ्तार के लिए बनाए गए दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस वे को मॉनसून की पहली बारिश ने धीमा कर दिया। यहां दिल्ली के गाजीपुर बार्डर से लेकर इंदिरापुरम तक लंबा जाम लगा नजर आया। वहीं एक्सप्रेस वे के एक हिस्से में पानी भरने से लोग जाम में फंसे नजर आए। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी कर दी है।
बता दें कि दक्षिण.पश्चिम मॉनसून आमतौर पर 27 जून तक राष्ट्रीय राजधानी पहुंचता है। मौसम विज्ञान विभाग ने बुधवार को मॉनसून पूर्व गतिविधियों के तहत दिल्ली में गरज के साथ छींटे पड़ने और हल्की बारिश का अनुमान लगाया था। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली में बृहस्पतिवार या शुक्रवार को मॉनसून की पहली बारिश होने की संभावना जताई थी। आईएमडी ने 30 जून को शहर में मध्यम बारिश का अनुमान लगाते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। एक जुलाई तक अधिकतम तापमान गिरकर 33.34 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है।
