पहाड़ी मंदिर में सावन पूजा के लिए है खास इंतजाम
रांची । कोरोना का संक्रमण झारखंड में दिन प्रतिदिन तेजी से बढ़ता जा रहा है। खास कर के रांची में संक्रमण की गति तो बेहद तीव्र है। ऐसे में इस बार रांची के सभी मंदिरों में अरघा सिस्टम लगाया जायेगा जिससे कि पूजा स्थल पर भीड़ न लग सके और लोग भी सुरक्षित रहें। यह बात सदर एसडीओ दीपक दूबे ने मंगलवार को पहाड़ी मंदिर विकास समिति की बैठक में कही।
पहाड़ी मंदिर के सभागार में हुई बैठक की अध्यक्षता समिति के सचिव सह सदर एसडीओ दीपक दूबे ने की। उन्होने इस मौके पर कहा कि 14 जुलाई से शुरू हो रहे श्रावण मास की तैयारियों को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के आदेश पर मंदिर परिसर में सिंगल यूज पॉलीथिन के उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। श्रद्धालु प्रतिबंधित पॉलीथिन लेकर न तो मंदिर परिसर में प्रवेश कर सकते हैं और न ही दुकानदार ऐसे पॉलीथिन में किसी को सामान दे सकते हैं।अगर कोई ऐसा करता है, तो ऐसे दुकानदारों पर विधि सम्मत कार्रवाई की जायेगी। लोगों पर भी कार्रवाई होगी। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मुख्य द्वार सहित सभी मंदिरों में फूलों से आकर्षक साज-सज्जा की जायेगी। जलाभिषेक के लिए 1500 लोटा की खरीद की जायेगी। इसके अलावा शिवभक्तों के लिए टेंट, टेबल,कुर्सी व साउंड सिस्टम लगाये जायेंगे। जो बुजुर्ग पूजा करने के लिए मंदिर के ऊपर चढ़ने में सक्षम नहीं हैं उनके लिए मंदिर की गतिविधियां लाइव प्रसारित की जायेंगी।
इस अवसर पर समिति के सदस्य उत्तम, सुशील कुमार लाल, सुनील माथुर, आनंद गाड़ोदिया, हेमेंद्र सिंह, मुरारी शर्मा, मदन लाल पारिक, सुरेश पाहन, मुकेश अग्रवाल. अजय गोयनका, संदीप जैन सहित कई सदस्य उपस्थित थे।
