सीमांचल को यूनियन टेरिटरी बनाने की बात बकवास : शाहनवाज
पटना। बंगाल और बिहार के हिस्सों को मिला कर मुस्लिम बहुल सीमांचल को केंद्र शासित प्रदेश बनाने की चर्चा पर भाजपा नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि केंद्र सरकार के पास ऐसी कोई योजना नहीं है। यह महज अफवाह है। हुसैन ने कोरी बकवास बताया और कहा कि इसके पीछे मकसद भ्रम फैलाना है।
विदित हो कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 23 और 24 सितंबर को दो दिनों के सीमांचल दौरे पर रहेंगे इससे पहले सीमांचल को यूनियन टेरिटरी बनाने की चर्चा जोरों पर है। बिहार के पूर्व मंत्री ने कहा कि ये पूरी तरह से निराधार बातें हैं कि सीमावर्ती इलाके में अलग केंद्र शासित प्रदेश बनेगा। उन्होंने कहा कि न तो बीजेपी का और न ही केंद्र सरकार का ऐसा कोई इरादा है। उन्होंने कहा कि इस तरह की बातें सिर्फ दुष्प्रचार है। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती इलाके में हमारा संगठन बहुत पुराना है और उसको और मजबूत करना हमारा लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि हमने बिहार के लिए मिशन 40 का लक्ष्य रखा है। शाहनवाज हुसैन ने दावा किया कि सीमांचल का इलाका बीजेपी का गढ़ रहा है। हुसैन ने आगे कहा कि पहले हम पूर्णियां, कटिहार, किशनगंज और अररिया जीत चुके हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सीमांचल दौरे से न सिर्फ यहां पार्टी को मजबूती मिलेगी, बल्कि सीमावर्ती इलाके मजबूत और सक्षम भी होंगे। गृह मंत्री इलाके के कार्यकर्ताओं के साथ भी अलग-अलग बैठकें करेंगे और वहां के अधिकारियों से बात कर सीमा कैसे मजबूत हो इसकी भी चर्चा की जाएगी।
